मडराक के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर तैनात उपकेंद्र परिचालक (एसएसओ) उदयवीर सिंह की सेवा समाप्त कर दी गई है। विद्युत कटौती को लेकर उपभोक्ता से फोन पर बातचीत के दौरान शासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति अमर्यादित एवं अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप है। बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद विद्युत विभाग ने कार्रवाई करते हुए एसएसओ को उपकेंद्र से हटा दिया। उसके खिलाफ थाना मडराक में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। मामला 5 अक्टूबर की रात का बताया गया है। विभाग के मुताबिक एसएलडीसी कोड के अनुसार हुई विद्युत कटौती को लेकर उपभोक्ता ने एसएसओ से फोन पर बातचीत की थी। इसी बातचीत का ऑडियो 6 अक्टूबर को वायरल हुआ। ऑडियो सामने आने के बाद विभाग ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। पूर्व सैनिक कल्याण निगम से मिली थी सेवा अधीक्षण अभियंता उमेश जैन ने बताया कि उदयवीर सिंह की सेवाएं उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड के माध्यम से प्राप्त हुई थीं। सेवा समाप्त करने के साथ ही उसे विद्युत उपकेंद्र से हटा दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई के लिए एजीएम ऑपरेशन, उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड को भी निर्देश दिए गए हैं। अधीक्षण अभियंता ने कहा कि विद्युत विभाग में अनुशासनहीनता, अशोभनीय आचरण अथवा शासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

