अमरोहा में श्री धार्मिक रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विशाल गोयल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार दोपहर दो बजे जिलाधिकारी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आगामी आदर्श रामलीला महोत्सव 2026 की व्यवस्थाओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। कमेटी ने बताया कि आदर्श रामलीला महोत्सव 11 अक्टूबर 2026, रविवार को मुकुट पूजा से शुरू होगा। यह 21 अक्टूबर, बुधवार को भारत मिलाप शोभा यात्रा और राजगद्दी तक चलेगा। इस दौरान 14 अक्टूबर, बुधवार को भव्य राम बारात नगर के मुख्य मार्गों से निकलेगी। 20 अक्टूबर, मंगलवार को विशाल दशहरा मेला रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों के दहन के साथ संपन्न होगा। इसके बाद 21 अक्टूबर 2026, बुधवार को भारत मिलाप शोभा यात्रा निकाली जाएगी। ज्ञापन के जरिए कमेटी ने रामलीला स्थल, शोभायात्रा मार्गों और पूरे शहर में जनसुविधाओं के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को ठीक करने का अनुरोध किया। अध्यक्ष विशाल गोयल ने कहा कि अमरोहा की ऐतिहासिक रामलीला लोगों की आस्था का बड़ा केंद्र है। इसमें हर दिन हजारों श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन का सहयोग बहुत जरूरी है। ज्ञापन की मुख्य मांगों में रामलीला मैदान और शोभायात्रा मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने, नियमित फॉगिंग की व्यवस्था करने की बात कही गई। इसके अलावा, शोभायात्रा के रास्तों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त और आसान बनाने की मांग की गई। सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए आयोजन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, महिला सुरक्षा के खास इंतजाम करने और ट्रैफिक डायवर्जन की सही व्यवस्था करने की भी मांग की गई। इस मौके पर श्री धार्मिक रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विशाल गोयल, महामंत्री विकास टंडन, कोषाध्यक्ष राकेश वर्मा, संरक्षक कपिल शर्मा, मनजीत सिंह छाबड़ा, अमित रस्तौगी, संजीव सैनी, प्रेम नारायण रघुवंशी, कुंवर विनीत अग्रवाल, शार्दुल अग्रवाल, शंकर प्रकाश, संजीव प्रकाश यादव, अंकित गुप्ता, सुबोध रस्तोगी, मनु कमल गुप्ता, राजू सैनी, मनुज गोयल, रवि कुशवाह, संजीव गोयल, रणवीर सिंह, तनिष्क गोयल और लव खंडेलवाल सहित कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

