अमरोहा कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार सुबह 11 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती मनाई गई। जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने उनके चित्र पर फूल चढ़ाए और अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। जिलाधिकारी ने कहा कि देश की आजादी के समय सरदार पटेल 562 रियासतों को एकजुट करने में जुटे थे। उन्होंने कहा कि पटेल ने भारत को टुकड़ों में बांटने की ब्रिटिश हुकूमत की योजना पूरी नहीं होने दी। उन्होंने कहा कि अलग-अलग भाषा, धर्म और जाति के बावजूद देश को एकता के सूत्र में पिरोने का श्रेय सरदार पटेल को जाता है। उन्होंने कहा, “हम सब एक थे, एक हैं और एक रहेंगे। हमारी एकता ही हमारी शक्ति है।” कार्यक्रम में एडीएम वित्त एवं राजस्व गरिमा सिंह और एडीएम न्यायिक धीरेंद्र प्रताप सिंह ने भी विचार रखे। सभी एसडीएम और कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

