अनूपपुर में उड़ीसा का गांजा तस्कर गिरफ्तार:किराए के मकान में रहता था, फुटकर में बेचता था नशा

अनूपपुर में उड़ीसा का गांजा तस्कर गिरफ्तार:किराए के मकान में रहता था, फुटकर में बेचता था नशा

अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह तस्कर उड़ीसा से गांजा लाकर बिजुरी में फुटकर बेचता था। पुलिस ने उसके पास से 2 किलो 345 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 25,000 रुपए है। थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम बबलू बेनिया (44 वर्ष) है। वह उड़ीसा के कालाहांडी जिले के जूनागढ़ थाना क्षेत्र के बक्सी तुलसी पाली का रहने वाला है। फिलहाल वह बिजुरी के वार्ड नंबर 07, पड़रीपानी में किराए के मकान में रह रहा था। बबलू पुलिस से बचने के लिए ट्रेन से कम मात्रा में गांजा बैग में भरकर लाता था और बिजुरी के स्थानीय बाजार में फुटकर बेचता था। पुलिस को सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी। बताया गया कि ठाकुर बाबा धाम (लोहसरा) के पास बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरे पर एक व्यक्ति काले बैग में गांजा लेकर बैठा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी बैग लेकर झाड़ियों की तरफ भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें हरी सूखी पत्तियां, डंठल और बीज वाला गांजा मिला। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर पन्नी और टेप सहित कुल वजन 2 किलो 345 ग्राम निकला। पुलिस ने मौके पर पंचनामा बनाया और आरोपी बबलू बेनिया के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(b) के तहत मामला दर्ज किया। उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास सिंह, उपनिरीक्षक विपुल शुक्ला, प्रधान आरक्षक सतीष मिश्रा, गुपाल यादव, आरक्षक मनोज उपाध्याय, रवि सिंह, रामनिवास गुर्जर और राजदेव सिंह शामिल थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *