ललितपुर में बुंदेलखंड के प्रसिद्ध जल विहार महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और नगर पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन अभिलाषा ने सोमवार दोपहर 12:30 बजे सुम्मेरा तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पालिका टीम के साथ प्रमुख जगहों का दौरा किया और अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जल विहार महोत्सव के कारण 22 सितंबर मंगलवार को स्थानीय अवकाश भी घोषित किया है। निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी और नगर पालिका अध्यक्ष ने सुम्मेरा तालाब इलाके में साफ-सफाई, बिजली की व्यवस्था, सड़कों की हालत और सौंदर्यीकरण का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि महोत्सव से पहले सभी व्यवस्थाएं ठीक कर ली जाएं। इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और शहर के लोगों को कोई दिक्कत नहीं होगी। इस मौके पर पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन अभिलाषा ने कहा कि जल विहार महोत्सव सिर्फ एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं है। यह ललितपुर की सालों पुरानी ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का गौरवशाली हिस्सा है। उन्होंने बताया कि महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आम लोग शामिल होते हैं। इसलिए नगर पालिका की जिम्मेदारी है कि उन्हें साफ, सुरक्षित और बेहतर माहौल मिले। बता दें कि डोल ग्यारस के दिन श्रद्धालु मंदिरों से श्री जी को विमानों में बैठाकर जलाशयों में जल विहार (स्नान) के लिए ले जाते हैं। श्री जी के जल विहार के बाद उन्हें वापस मंदिरों में लाया जाता है, जहां कई कार्यक्रम होते हैं।

