जिले में दिन और रात के तापमान में करीब 14 डिग्री सेल्सियस का अंतर अब कम होने लगा है। रात में ठंडक बढ़ने के साथ ही दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज होने लगी है। अक्टूबर में अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री के बीच बना हुआ था। अब मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। बुधवार को तापमान 32 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को जिले में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। गत वर्ष 2025 में इन दिनों अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। लेकिन इस बार अब तक गत वर्ष के मुकाबले 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की तेजी बरकरार है। भूगोलविद एवं पूर्व प्राचार्य डा. बीएल बैरवा ने बताया कि इस बार अलनीनो एवं मानसून में कम बारिश के कारण सर्दी का असर जल्द शुरू नहीं हो सका। अनुमान के अनुसार इस बार सर्दी पूर्व की अपेक्षा कम रह सकती है। इस बार मानसून की कमजोर गतिविधियों के बीच अक्टूबर में भी गर्मी का असर बना रहा। दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण दिन में गर्मी तो रात में ठंडे जैसी स्थिति बनी हुई थी। ज्यादा अंतर से मौसमी बीमारियों का खतरा अधिक रहता है। अंतर कम होने से कुछ राहत रहेगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के टोंक के लिए जारी सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, 28 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, 29 और 30 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 28 तथा न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रह सकता है। इन दोनों दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। 31 अक्टूबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

