अयोध्या के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला। मामला मोतीगंज पुलिस चौकी अंतर्गत धर्मनपुर-बिड़ला मार्ग का है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर ले जाया गया। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रताप तिवारी की मौजूदगी में घायल का प्राथमिक उपचार कराया गया। चिकित्सक डॉ. संत कुमार मौर्या ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए भर्ती कर उपचार शुरू किया, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार घायल युवक की पहचान अभिषेक (32) पुत्र संजय निवासी तिवारीपुर, कोतवाली बीकापुर के रूप में हुई। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉ. संत कुमार मौर्या ने बताया कि युवक के पूरे शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे हमले की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद जिला अस्पताल में कई थानों की फोर्स और क्षेत्राधिकारी भी पहुंचे। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।


