सीतापुर के महोली कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के ग्राम नेरी निवासी 28 वर्षीय प्रेम रविवार देर रात अपने घर से ससुराल जाने के लिए बाइक से निकला था। बताया जा रहा है कि वह नेशनल हाईवे-30 पर स्थित सिंह ढाबा के पास पहुंचा ही था कि पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेम सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को संभाला और घटना की सूचना पुलिस तथा एम्बुलेंस को दी। घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों के प्रयास सफल नहीं हो सके और उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही महोली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अज्ञात वाहन की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। युवक की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।


