भीलवाड़ा: राजस्थान में मानवता को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। समाज में फैले नशे के जाल के खिलाफ आवाज उठाना एक युवक को भारी पड़ गया।
बता दें कि राजधानी जयपुर से एक ई-रिक्शा चालक को अगवा कर भीलवाड़ा के आसींद में उसे ऐसी यातनाएं दी गईं, जिसे सुनकर रूह कांप जाए। आरोपियों ने न केवल युवक के साथ हैवानियत की, बल्कि उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया।
छल से अपहरण और बेरहमी की इंतिहा
पीड़ित सीताराम तेली ने भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक को सौंपी अपनी शिकायत में बताया कि घटना की शुरुआत 3 अगस्त 2025 को हुई। आरोपियों सुरेश तेली (आसींद), मुकेश तेली (कोशीथल) और उनके तीन साथियों ने सीताराम को जयपुर के एसएमएस अस्पताल के पास समाज के एक कार्यक्रम का झांसा देकर बुलाया। वहां से उसे अगवा कर आसींद ले जाया गया।
पीड़ित द्वारा लगाए गए गंभीर आरोप
- आरोपियों ने सीताराम को एक पेड़ से बांधकर घंटों तक लाठी-डंडों से पीटा।
- पीड़ित का आरोप है कि उसे निर्वस्त्र कर उसके गुप्तांगों पर लाल मिर्च डाली गई और उसे जबरन पेशाब पिलाया गया।
- हमलावरों ने उससे सोने की चेन, चांदी की अंगूठी, मोबाइल और 60 हजार रुपए नकद छीन लिए।
- आरोपियों ने पीड़ित की नग्न अवस्था में वीडियो बनाई और बाद में उसे सोशल मीडिया पर फैला दिया।
नशे के विरोध का प्रतिशोध
सीताराम के अनुसार, वह लंबे समय से समाज में अफीम और अन्य गैर-कानूनी मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन के खिलाफ मुखर था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसे सबक सिखाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसके दोस्त द्वारा पूर्व में की गई शिकायत पर पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए। एसीपी कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू होते हुए पीड़ित ने अपनी आपबीती सुनाई और पुलिस प्रशासन से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी व सख्त सजा की मांग की है।


