Work From Stadium: अब स्टेडियम बनेगा ऑफिस! क्रिकेट देखते हुए निपटाएं अपना काम, वाई-फाई और कॉफी फ्री

Work From Stadium: अब स्टेडियम बनेगा ऑफिस! क्रिकेट देखते हुए निपटाएं अपना काम, वाई-फाई और कॉफी फ्री

Work From The Cricket Match: ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट विक्टोरिया ने घरेलू क्रिकेट को लोकप्रिय बनाने के लिए अनोखी पहल शुरू की है। जंक्शन ओवल में दर्शक लैपटॉप पर काम करते हुए शीफील्ड शील्ड मैच का आनंद ले सकते हैं। 

Work From Cricket Stadium: ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट को लोकप्रिय बनाने के लिए क्रिकेट विक्टोरिया ने एक नई और दिलचस्प पहल शुरू की है। जंक्शन ओवल में खेले जा रहे शीफील्ड शील्ड मैचों के दौरान लोगों को ग्रैंडस्टैंड में बैठकर लैपटॉप पर काम करने और साथ ही क्रिकेट मैच देखने की सुविधा मिल रही है। इस कार्यक्रम को ‘वर्क फ्रॉम द शील्ड’ या ‘वर्क फ्रॉम द क्रिकेट’ नाम दिया गया है।

फ्री वाई-फाई और कॉफी

यह पहल विक्टोरिया और साउथ ऑस्ट्रेलिया के बीच सीजन के शुरुआती मैच के दौरान शुरू की गई। इसके तहत लगभग 35 लोगों के लिए जगह उपलब्ध कराई गई है। फैंस को फ्री वाई-फाई, बिजली की सुविधा और एक मुफ्त चाय या कॉफी दी जाती है। टिकट की कीमत सामान्य प्रवेश शुल्क से थोड़ी अधिक, लगभग 16 डॉलर रखी गई है। यहां इनडोर और आउटडोर, दोनों तरह की सीटिंग उपलब्ध है, ताकि लोग मैच देखते हुए अपना काम भी आसानी से कर सकें।

कार्यक्रम के दूसरे दिन की टिकटें पहले ही बिक चुकी हैं। फैंस की डिमांड को देखते हुए क्रिकेट विक्टोरिया इसकी क्षमता बढ़ाकर 45 से 50 लोगों तक करने की योजना बना रहा है। यह पहल आरएमआईटी विश्वविद्यालय के छात्रों ने प्रस्तावित की थी, जो मेलबर्न क्रिकेट एजुकेशन एकेडमी के तहत काम कर रहे थे। इसे इंग्लैंड के काउंटी क्रिकेट क्लब सरे की इसी तरह की पहल से प्रेरणा मिली है। पूर्व टेस्ट क्रिकेटर माइकल बीयर ने भी इस विचार का समर्थन किया था।

CEO ने कहा ऑस्ट्रेलियन ड्रीम

क्रिकेट विक्टोरिया के सीईओ निक कमिंस ने कहा कि अगर लोग घर से काम कर सकते हैं, तो वे क्रिकेट मैच देखते हुए भी काम कर सकते हैं। उन्होंने इसे ‘ऑस्ट्रेलियन ड्रीम’ बताया और कहा कि इससे घरेलू क्रिकेट को अधिक दर्शक मिल सकते हैं। कई युवा प्रोफेशनल्स, डेटा एनालिस्ट और छात्र इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। वे मैच का आनंद लेने के साथ अपनी मीटिंग्स में शामिल हो रहे हैं और काम भी निपटा रहे हैं।

जंक्शन ओवल मेलबर्न का ऐतिहासिक क्रिकेट मैदान है, जहां विक्टोरिया की टीम घरेलू क्रिकेट खेलती है। शीफील्ड शील्ड ऑस्ट्रेलिया का प्रमुख घरेलू प्रथम श्रेणी टूर्नामेंट है, जिसमें राज्य की टीमें हिस्सा लेती हैं। हाल के वर्षों में इन मैचों में दर्शकों की संख्या कम रही है। इस नई पहल का मकसद सप्ताह के दिनों में भी अधिक लोगों को मैदान तक लाना है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *