भोपाल के शाहजहांनाबाद इलाके में रहने वाली महिला ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना बुधवार रात की है। बेटी की मौत के बाद पिता ने दामाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक आशा सांवले पति लालू सांवले (24) बाजपेयी नगर की रहने वाली थी। वह बंगलों में काम करती थी। उसकी शादी को 6 साल हो चुके हैं और दो बच्चियों की मां थी। मृतका के पिता अर्जुन कैथिल ने बताया कि दामाद शराब पीने का आदी था। दहेज की मांग की लेकर बेटी को प्रताड़ित करता था। बेटी जो कमाती थी, उस रकम को छीनने के बाद शराब में उड़ा दिया करता था। दो दिन पहले मायके से मनाकर घर ले गया था पति नाराज बेटी दो दिन पहले घर आ गई थी। हालांकि बाद में पति उसे मनाकर साथ ले गया। घर ले जाने के दूसरे दिन ही बेटी की मौत की सूचना मिली। दामाद ने ही उन्हें बेटी की फांसी लगाकर सुसाइड की सूचना दी है। हालांकि उन्हें मौत संदिग्ध हालात में होना लग रही है। पिता बोले हत्या का शक है, बारीकी से जांच हो बेटी की मौत की जांच बारीकी से की जानी चाहिए, जिससे सच सामने आ सके। घटना के समय बच्चियां घर के बाहर खेल रही थीं। वहीं पुलिस का कहना है कि शुरूआती जांच में मामला सुसाइड का लग रहा है। पीएम रिपोर्ट और परिजनों के डिटेल बयानों के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।


