BJP National Executive 2026: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपनी टीम का गठन करने जा रहे हैं जिसमें मध्यप्रदेश को भी खासी तवज्जो मिलने वाली है। एमपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे व सांसद वीडी शर्मा का भी अहम पद के लिए चर्चाओं में है। इंदौर के खाते में भी एक पद आने की संभावनाएं व्यक्त की जा रही है। राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार या जीतू जिराती में से किसी एक को मौका मिल सकता है। इंदौर भाजपा को संगठन का गढ़ भी माना जाता है। यही वजह है कि कई प्रयोग यहां पर किए गए, जिनकी सफलता के बाद उसे देश में लागू किया गया।
राष्ट्रीय टीम की बात करें तो समय-समय पर अहम पद पर इंदौर के नेता काबिज रहे हैं। कुछ समय पहले तक कैलाश विजयवर्गीय राष्ट्रीय महामंत्री थे तो उनसे पहले सुमित्रा महाजन भी कई महत्वपूर्ण पदों पर रहीं। इस बार राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी अपनी टीम में इंदौर को स्थान दे सकते हैं जिसकी मजबूत संभावना है।
इन्हें मिल सकता है मौका
इंदौर से प्रमुख रूप से दो नाम सामने आ रहे हैं जिसमें पहला कविता पाटीदार का है जो कि राज्यसभा की सांसद भी हैं। पिछली प्रदेश भाजपा की टीम में पाटीदार महामंत्री थीं तो महिला कोटे में उनको लिया जा सकता है। उनके अलावा पिछड़ा वर्ग से युवा चेहरा जीतू जिराती को भी मौका दिया जा सकता है। उनके रिश्ते राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन से काफी अच्छे हैं। नवीन उनकी बोलने की कला और प्रवास की क्षमता को देखते हुए अपनी टीम में जगह देकर काम पर लगा सकते हैं। इसके अलावा खरगोन सांसद गजेंद्र पटेल का नाम भी मालवा निमाड़ से हैं। चंबल से नरोत्तम मिश्रा भी दिल्ली की राजनीति करना चाहते हैं, लेकिन तो अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह भी मूल टीम में आने का प्रयास कर रहे है।
अहम पद के लिए वीडी शर्मा का नाम
खजुराहो सांसद एवं प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष रहते हुए वीडी शर्मा ने लगातार प्रवास करके संगठन को खूब मजबूत किया। उसका फायदा विधानसभा तो ठीक लोकसभा में भी मिला। 45 साल से कम उम्र के जिला अध्यक्ष, 35 साल से कम के मंडल अध्यक्ष जैसे बड़े प्रयोग कर नया नेतृत्व खड़ा करने का प्रयोग पार्टी को बहुत भाया, जो कई प्रदेशों में लागू किया गया। इसके अलावा उनके लिए संघ की एक बड़ी लॉबी भी मदद कर रहा है।
मुख्य बिन्दू
0-इससे पहले भी इंदौर के नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान मिला था।
0-राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, भाजपा के युवा नेता जीतू जिराती, खरगोन के सांसद गजेंद्र पटेल के नाम भी चर्चाओं में।


