पश्चिम दिल्ली के पंजाबी बाग में रोहतक रोड पर एक स्कूटी के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 56 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृत व्यक्ति की पहचान केशव पुरम निवासी राजेश विग के रूप में हुई है, जो स्थानीय मेलों में झूले लगाते थे।
उन्होंने कहा कि विग पीरागढ़ी के एक मेले से घर लौट रहे थे, तभी देर रात करीब 12.50 बजे पंजाबी बाग पुलिस क्वार्टर के पास यह हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में पंजाबी बाग थाने को सूचना दी गई, जिसके बाद एक पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को आचार्य भिक्षु अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि मोबाइल अपराध टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन किसी भी प्रत्यक्षदर्शी का पता नहीं चल सका।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

