Trinamool Congress: कुलपी में पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के एक बूथ अध्यक्ष के घर छापेमारी कर 18 बम, एक बंदूक और छह राउंड कारतूस बरामद किए। एसओजी और कुलपी थाने की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई की, मामले की जांच जारी है।
कुलपी। दक्षिण 24 परगना जिले के कुलपी में शनिवार को पुलिस की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। कुलपी थाना क्षेत्र की गाजीपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत दौलतपुर इलाके में तृणमूल कांग्रेस के एक बूथ अध्यक्ष के घर छापेमारी कर पुलिस ने 18 बम, एक बंदूक और 6 राउंड कारतूस बरामद किए। पुलिस सूत्रों के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर एसओजी और कुलपी थाने की पुलिस की संयुक्त टीम ने उक्त घर पर छापा मारा।
इलाके में सुरक्षा बढ़ाई
लंबे समय तक चली तलाशी के दौरान एक के बाद एक 18 बम, एक बंदूक और 6 राउंड कारतूस बरामद किए गए। बम हाल ही में बने होने के कारण इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बरामद बमों को निष्क्रिय करने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हथियार और विस्फोटक कहां से लाए गए थे और उन्हें घर में किस उद्देश्य से जमा कर रखा गया था।
पहले भी हुई थी कार्रवाई
इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। हालांकि इस कार्रवाई में अब तक किसी की गिरफ्तारी हुई है या नहीं, इसे लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। कुलपी थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि कोराकाटी इलाके में पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर तृणमूल कांग्रेस नेता समीर सरदार के तालाब से तीन बंदूक और करीब 40 राउंड गोलियां बरामद थी।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की थी। हथियार मिलने के बाद समीर सरदार को गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस अब बरामद हथियारों के बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि हथियार और गोलियां तालाब में किसने छिपाईं और इन्हें वहां कब रखा गया। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों का किसी आपराधिक घटना में इस्तेमाल हुआ था या नहीं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक समीर सरदार को संदेशखाली के तत्कालीन प्रभावशाली नेता शेख शाहजहां का करीबी माना जाता है। मामले में पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और हथियारों के स्रोत का पता लगाने का प्रयास जारी है।

