West Bengal में कॉजपा स्वयंसेवक के पिता की हत्या, Bankura घटना में BJP पर आरोप

West Bengal में कॉजपा स्वयंसेवक के पिता की हत्या, Bankura घटना में BJP पर आरोप

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने पश्चिम बंगाल में संगठन के एक स्वयंसेवक शेख अब्दुल हफीज के पिता जनाब मफीक की पिटाई के बाद मौत के लिए जिम्मेदार लोगों की रविवार को तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। कॉजपा के अनुसार, 25 वर्षीय हफीज कॉजपा के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत एक सरकारी स्कूल गए थे, जिसकी वजह से उनके परिवार के सदस्यों पर कथित रूप से हमला किया गया था। कॉजपा ने एक बयान में कहा कि मफीक की शनिवार को मौत हो गई और कथित रूप से किये गये हमले में उनके सिर में गंभीर चोटें आई थीं।

कॉजपा ने बताया कि यह घटना बांकुड़ा जिले के करिसुंडा इलाके में हुई। हफीज ने 13 अगस्त को अपने गांव के स्थानीय सरकारी स्कूल में देशव्यापी ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने स्कूल के बुनियादी ढांचे की स्थिति को देखा था।

कॉजपा ने आरोप लगाया कि स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के रूप में पहचाने गए हथियारबंद लोग उसी शाम जबरन हफीज के घर में घुस गए। बयान के अनुसार, अस्पताल से बनाए गए एक वीडियो में हफीज ने आरोप लगाया कि एक स्कूल शिक्षक ने राजनीतिक कार्यकर्ताओं को उनके स्कूल के निरीक्षण के बारे में जानकारी दी थी, जिसके बाद यह हमला हुआ। कॉजपा ने कहा कि कथित हमलावरों ने हफीज से एक वीडियो रिकॉर्ड कर स्कूल की स्थिति उजागर करने के लिए माफी मांगने और यह कहने को कहा कि उसने ऐसा बाहरी प्रभाव में आकर किया था।

बयान में बताया गया, “जब हफीज ने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो आरोप है कि उन लोगों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया।”
बयान के अनुसार, हफीज की गर्दन में गंभीर चोट आई, जबकि उनके पिता के सिर में किसी भारी वस्तु से गंभीर चोट लगी। कॉजपा ने कहा कि हमले के बाद हफीज ने अस्पताल से एक वीडियो रिकॉर्ड किया जिसमें उन्होंने अपनी चोटों को दिखाया। कॉजपा ने बताया कि हफीज के पिता ने बाद में 15 अगस्त को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

कॉजपा के संस्थापक और राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके ने कहा, “हमें न तो चुप कराया जा सकता है और न ही डराया जा सकता है। हम बेहतर विद्यालयों के लिए लड़ते रहेंगे। कॉजपा हफीज और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

हम उनके पिता की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हैं। हमारी टीम पश्चिम बंगाल जाएगी और यह सुनिश्चित करेगी कि अब्दुल और उनके परिवार को न्याय मिले।”
दीपके ने सरकारी विद्यालयों की स्थिति को सामने लाने और विद्यालयों के बुनियादी ढांचे व शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए दबाव बनाने के उद्देश्य से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू किया था। इस अभियान के तहत नागरिकों को सरकारी विद्यालय जाने, उनकी स्थिति का जायजा लेने और कमियों को सार्वजनिक रूप से सामने लाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।

कॉजपा के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “यह बेहद निंदनीय कृत्य है। हम सरकारी विद्यालयों में सुधार पर केंद्रित अभियान चला रहे हैं, जिसका समर्थन सभी राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े लोगों को करना चाहिए। इसके बावजूद ये भाजपा के गुंडे लोगों को डराने-धमकाने के लिए ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।”
दास ने कहा, “ऐसा क्यों हो रहा है?

क्योंकि वे स्कूल और बौद्धिकता के विरोधी हैं। उनका मानना है कि शिक्षा बेकार है और हर काम गुंडागर्दी के जरिए किया जा सकता है। लेकिन लोग हिंसा में विश्वास नहीं करते।” उन्होंने कहा कि सोमवार को कॉजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति का एक प्रतिनिधिमंडल सह-संयोजक आशुतोष रांका के नेतृत्व में हफीज और उनके परिवार से मिलने पश्चिम बंगाल जाएगा।

दास ने कहा, “वे पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग करेंगे। जब तक न्याय नहीं मिल जाता और जिम्मेदार लोगों को सजा नहीं मिलती, तब तक पूरा कॉजपा परिवार हफीज और उसके परिवार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।”
कॉजपा ने यह भी आरोप लगाया कि शुरुआती हमले के बाद न तो एमएलसी की गयी और न ही प्राथमिकी दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *