Weather Alert: 96 घंटे डबल अलर्ट! मुंबई समेत आधे महाराष्ट्र में लू और आंधी-बारिश की चेतावनी

Weather Alert: 96 घंटे डबल अलर्ट! मुंबई समेत आधे महाराष्ट्र में लू और आंधी-बारिश की चेतावनी

महाराष्ट्र के कई जिलों के लिए मौसम विभाग (IMD) ने भीषण गर्मी और लू (Heat Wave) के साथ-साथ तूफानी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने सोमवार को महाराष्ट्र के लिए अगले चार दिनों का विस्तृत मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार राज्य के कई हिस्सों में भीषण गर्मी, हीटवेव, उमस और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। जिसके लिए विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ और ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। हालांकि मंगलवार के बाद लू से राहत मिलने की उम्मीद है और पारा 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है।

मुंबई और आसपास के इलाकों में गर्मी और उमस

मुंबई, ठाणे और पालघर जैसे कोंकण के इलाकों में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम ज्यादातर शुष्क रहने वाला है। हालांकि ठाणे, रायगढ़ और पालघर में कुछ स्थानों पर गर्म और उमस भरी परिस्थितियां बनी रह सकती हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

उत्तर महाराष्ट्र में हीटवेव का खतरा

धुले, नंदुरबार, जलगांव और नासिक जैसे जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हीटवेव की स्थिति बनने की चेतावनी दी गई है। खासकर दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों के लिए मुसीबत बन सकती हैं, इसलिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

विदर्भ और मराठवाड़ा में आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, छत्रपति संभाजीनगर, जालना और परभणी जैसे जिलों में दो दिन तक हीटवेव और उमस का असर रहेगा, जबकि नांदेड, लातूर और धाराशिव में अगले दो-तीन दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

वहीं विदर्भ के अकोला, अमरावती और नागपुर आदि जिलों में तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा), बिजली गिरने और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने अहले 24 घंटे वर्धा, अकोला, अमरावती के लिए भीषण गर्मी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि वर्धा में आंधी-तूफान, के साथ बिजली गिरने की भी उम्मीद है।

महाराष्ट्र मौसम अपडेट- भीषण गर्मी और लू का अलर्ट, कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश की संभावना

एडवाइजरी जारी

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और हल्के कपड़े पहनें। वहीं किसानों को सलाह दी गई है कि तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए फसलों की कटाई समय से कर लें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें। साथ ही गरज-चमक के दौरान खुले में जाने से बचने की हिदायत दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *