Dominican Republic Plane Crash: डोमिनिकन रिपब्लिक के ला रोमाना इंटरनेशनल एयरपोर्ट (La Romana International Airport) पर एक निजी जेट विमान इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान के पायलट और सह-पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। दरअसल, विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराने का प्रयास किया जा रहा था। हालांकि रनवे तक पहुंचने से पहले ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटनाग्रस्त विमान एक गल्फस्ट्रीम G200 (Gulfstream G200) निजी जेट था।
दो व्यक्तियों की हुई मौत
हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन दोनों क्रू मेंबर्स को बचाया नहीं जा सका। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्ति विमान के पायलट और सह-पायलट थे।
हादसे के कारणों की होगी जांच
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान में क्या तकनीकी खराबी आई थी। इसके कारणों की जांच में विमानन सुरक्षा एजेंसियां जुट गई है। जांच के दौरान विमान के तकनीकी रिकॉर्ड और फ्लाइट डेटा का विश्लेषण किया जाएगा ताकि हादसे की असली वजह का पता लगाया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल विमान की उड़ान, उसके गंतव्य और उसमें किसी अन्य यात्री के मौजूद होने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
अधिकारियों के अनुसार, विमान में कोई यात्री सवार नहीं था। डोमिनिकन सिविल एविएशन इंस्टीट्यूट के बयान के मुताबिक, विमान ने ला रोमाना से लगभग 16 समुद्री मील (करीब 30 किलोमीटर) दक्षिण-पश्चिम में आपातकाल (इमरजेंसी) घोषित किया था और हवाई अड्डे पर वापस लौटने की कोशिश के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वहीं इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि विमान इमरजैंसी लैंडिंग की कोशिश करता है, लेकिन जैसे ही वह रनवे को छूता है तो धमाका होता है। इसके बाद पूरा विमान आग के गोले में तब्दील हो गया। आसमान की तरफ धुएं का बड़ा गुबार उठता नजर आता है।


