प्रतापगढ़ में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा तीन दिनों तक कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। इस दौरान कुल 34,848 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, लेकिन प्रशासन की सख्ती के चलते 8,217 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। यह परीक्षा जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक दिन दो पालियों में आयोजित की गई। प्रत्येक पाली में 5,808 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया था ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। अभ्यर्थियों की तीन स्तरों पर सघन तलाशी ली गई, जिसमें बायोमेट्रिक सत्यापन भी शामिल था।
तीसरे दिन 11,616 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिसमें से 2,593 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्रशासन की सख्ती और पारदर्शी व्यवस्था के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का अनुपस्थित रहना चर्चा का विषय बना रहा। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। डीएसपी सहित अन्य अधिकारी केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके। प्रशासन की कड़ी निगरानी और सख्ती के चलते यह परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।


