यूपी बोर्ड छात्रों को मिलेगा मुफ्त AI प्रशिक्षण:पंजीकरण की अंतिम तिथि आज, 60 दिन में पूरा करें कोर्स

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) अपने छात्र-छात्राओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर रहा है। इसके तहत माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) यानी कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बारीकियां सीखेंगे। पंजीकरण की अंतिम तिथि 9 अप्रैल निर्धारित की गई है। यह मुफ्त प्रशिक्षण हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा दे चुके या कक्षा 12 में प्रवेश लेने वाले यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के छात्रों को दिया जाएगा। यह एआई कोर्स कुल 20 घंटे का होगा, जिसे छात्रों को 60 दिनों के भीतर पूरा करना होगा। माध्यमिक शिक्षा अभियान के जिला कोऑर्डिनेटर राजन सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को आधुनिक तकनीक से परिचित कराना है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी द्वारा टीसीएस और महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के साझा सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इसमें छात्रों को एआई के मूलभूत सिद्धांतों, इसके विभिन्न उपयोगों और भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने वाले छात्रों को डिजिटल सर्टिफिकेट और दो क्रेडिट अंक प्रदान किए जाएंगे। इस पहल में राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालयों के छात्र भी हिस्सा ले सकते हैं। जौनपुर जिले में बुधवार तक 8 हजार के लक्ष्य के मुकाबले 3167 छात्रों ने पंजीकरण कराया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *