UP Board Result 2026 : उत्तरप्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद में सीतापुर से ही 10वीं और 12वीं की छात्राओं ने प्रदेश भर में टॉप किया है। कशिश वर्मा ने 97.83 प्रतिशत के साथ हाईस्कूल में टॉप किया है। शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं में प्रदेश भर में टॉप किया है।
कशिश वर्मा और शिखा वर्मा दोनों एक ही स्कूल की छात्रा हैं। दोनों बाबूराम साबित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुर, बिलौली बाजार की छात्रा हैं।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) के 2026 के नतीजों ने इस बार पूरे प्रदेश को चौंका दिया है। इस बार नतीजों में सीतापुर के एक स्कूल ने ‘डबल धमाका’ किया है। सीतापुर स्थित ‘बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुर बिलौली’ ने वह कीर्तिमान स्थापित किया है, जो यूपी बोर्ड के इतिहास में विरले ही देखने को मिलता है। इस स्कूल ने हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) दोनों ही कक्षाओं में प्रदेश को प्रथम स्थान (State Topper) देकर इतिहास रच दिया है।
इंटरमीडिएट (12वीं) में शिखा वर्मा ने 97.60% अंक पाकर पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, इसी स्कूल की कशिश वर्मा ने हाईस्कूल (10वीं) में 97.83% अंकों के साथ प्रदेश की मेरिट लिस्ट में प्रथम स्थान (साझा) हासिल कर सबको हैरान कर दिया है। जैसे ही रिजल्ट घोषित हुआ, स्कूल परिसर में जश्न का माहौल छा गया और पूरे जिले में इन दो बेटियों की कामयाबी के चर्चे शुरू हो गए।


