Ukraine Drone Attack On Russia: यूक्रेन ने रूस पर 500 से ज्यादा ड्रोन से कर दिया हमला, 4 लोगों की मौत

Ukraine Drone Attack On Russia: यूक्रेन ने रूस पर 500 से ज्यादा ड्रोन से कर दिया हमला, 4 लोगों की मौत

Ukraine Drone Attack On Russia: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध अब एक नए और ज्यादा खतरनाक दौर में पहुंचता दिख रहा है। यूक्रेन ने रूस पर बड़ा हमला कर दिया है। यूक्रेन ने रूस पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पिछले एक साल से ज्यादा समय में राजधानी मॉस्को के आसपास हुआ यह सबसे बड़ा हमला है। रूस का दावा है कि इस हमले में 500 से ज्यादा ड्रोन इस्तेमाल किए गए। हमले के बाद कई इलाकों में धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जबकि मॉस्को क्षेत्र समेत पश्चिमी रूस के कई हिस्सों में रातभर हवाई सुरक्षा सिस्टम सक्रिय रहा। इस हमले में कम से कम 4 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले रूस ने कीव पर बड़ा हमला किया था।

रूस ने क्या कहा?

रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, एयर डिफेंस सिस्टम ने 556 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया। हालांकि इसके बावजूद कुछ ड्रोन अपने निशाने तक पहुंचने में कामयाब रहे, जिससे रिहायशी इलाकों और अहम ढांचों को नुकसान पहुंचा। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इस हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हुई है। इनमें तीन मौतें मॉस्को क्षेत्र में हुईं, जबकि एक व्यक्ति की जान बेलगोरोद इलाके में गई, जो यूक्रेन सीमा के करीब स्थित है।

राजधानी को निशाना बनाने की कोशिश

हालांकि यूक्रेन पहले भी रूस के अंदर ड्रोन हमले करता रहा है, लेकिन मॉस्को को सीधे निशाना बनाने वाली घटनाएं कम रही हैं। इस बार हमले की तीव्रता ने रूस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। रूसी अधिकारियों ने नुकसान का पूरा ब्योरा नहीं दिया है, लेकिन शुरुआती जानकारी के मुताबिक कुछ रणनीतिक ठिकानों और इंफ्रास्ट्रक्चर को भी इस हमले में निशाना बनाया गया है।

जेलेंस्की ने दी थी चेतावनी

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब कुछ दिन पहले ही यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस को कड़ी चेतावनी दी थी। दरअसल हाल ही में रूस ने कीव पर बड़ा हमला किया था, जिसमें 24 लोगों की मौत हुई थी। उसके बाद जेलेंस्की ने कहा था कि यूक्रेन के शहरों और आम नागरिकों को निशाना बनाने की कीमत मॉस्को को चुकानी पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *