शब-ए-बारात पर बिजली व्यवस्था बहाल कराने के लिए दो अलग अलग वार्डे के पार्षदों को सुबह से लेकर शाम तक धरने पर बैठना पड़ा। बिजली व्यवस्था चरमराने से बाबूपुरवा क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार सुबह से ही बाबूपुरवा, बेगमपुरवा, मुंशीपुरवा और अजीतगंज इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप रहीं। बिजली न आने से नाराज़ बाबूपुरवा वे बेगमपुरवा के दो पार्षदों ने बाबूपुरवा बिजली सब स्टेशन पर छह घंटे तक धरना प्रदर्शन किया, जिसके बाद देर शाम 06.30 बजे बिजली व्यवस्था बहाल हो सकी। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
वार्ड 102 बेगमपुरवा के पार्षद मो. अकील शानू और वार्ड 105 बाबूपुरवा के पार्षद मो. मिराज अपने समर्थकों के साथ सुबह करीब 11:30 बजे बाबूपुरवा बिजली सब स्टेशन पहुंचे और धरने पर बैठ गए। पार्षदों का कहना था कि शब-ए-बारात की रात के बाद भी सुबह तक बिजली बहाल नहीं की गई। जिससे लोगों को नमाज़, फातिहा और अन्य धार्मिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
धरने के दौरान पार्षद मो. अकील शानू ने बताया कि बार-बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि त्योहार के दिन बिजली गुल होना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। वहीं, बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर ने पार्षदों को बताया कि नौबस्ता क्षेत्र से फाल्ट आने के कारण आपूर्ति बाधित हुई है। पार्षदों ने दी चेतावनी
लगभग छह घंटे तक चले धरना प्रदर्शन के बाद शाम 6:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोहराई गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारों के मौके पर बिजली व्यवस्था को लेकर विभाग को पहले से सतर्क रहना चाहिए, ताकि आम जनता को परेशानी न झेलनी पड़े।


