ललितपुर में गुरुवार देर शाम हाईवे 44 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार गल्ला व्यापारी को कुचल दिया। इस हादसे में व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान कोतवाली सदर अंतर्गत मोहल्ला पिसनारी निवासी 68 वर्षीय राजकुमार साहू पुत्र वंशीलाल साहू के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश के सागर जिले के मालथोन कस्बे में अपनी भतीजी के ससुराल में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। राजकुमार साहू गुरुवार रात करीब 8 बजे बाइक से वापस लौट रहे थे। जब वे हाईवे 44 पर स्थित कस्बा बिरधा के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। देखें, 3 तस्वीरें… टक्कर इतनी भीषण थी कि गल्ला व्यापारी राजकुमार साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टक्कर मारकर भाग रहे ट्रक को बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। परिजनों ने बताया कि मृतक राजकुमार साहू के तीन पुत्रियां और एक पुत्र हैं। वह नवीन गल्ला मंडी में गल्ला खरीदने का काम करते थे।


