अलवर में दर्दनाक ट्रेन हादसा: शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत

अलवर में दर्दनाक ट्रेन हादसा: शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत

अलवर शहर में बुधवार को रेलवे लाइन पर एक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रेन से टकराने के बाद व्यक्ति का शव बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया। हादसे के तुरंत बाद रेलवे ट्रैक के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी, जिसके बाद रेलवे प्रशासन ने स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी।

नहीं हो सकी मृतक की शिनाख्त

अलवर स्टेशन मास्टर के अनुसार इस दर्दनाक हादसे की सूचना के बाद जीआरपी (GRP) थाने के सब इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने सबसे पहले घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने वहां मौजूद लोगों और आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने की कोशिश की। लेकिन हादसा इतना भीषण था कि शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो चुका था, जिसके कारण मौके पर उसकी शिनाख्त या पहचान करना मुश्किल हो गया।

परिजनों की तलाश में जुटी जीआरपी पुलिस

रेलवे पुलिस ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के पास से फिलहाल ऐसा कोई भी दस्तावेज, मोबाइल फोन या सामान नहीं मिला है, जिससे उसका नाम या पता मालूम किया जा सके। पुलिस ने शव को ट्रैक से हटाकर तुरंत जिला अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट करवा दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान के लिए शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखा जाएगा।

आसपास के थानों से जुटाया जा रहा लापता लोगों का रिकॉर्ड

अस्पताल में शव रखवाने के बाद जीआरपी पुलिस ने इस मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के रिहायशी इलाकों, कॉलोनियों और अलवर शहर के सभी स्थानीय थानों से संपर्क साध रही है। हाल-फिलहाल में घर से लापता हुए लोगों के रिकॉर्ड और गुमशुदगी की रिपोर्ट को खंगाला जा रहा है, ताकि मृतक की जल्द से जल्द पहचान की जा सके और उसके परिजनों को इस दु:खद घटना की सूचना दी जा सके।

रेलवे पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह सिर्फ एक हादसा था या कोई सुसाइड का मामला है। हालांकि सुसाइड या हादसे की जानकारी तभी मिल सकेगी जब शव की शिनाख्त होगी। इसलिए पुलिस के लिए मृतक की पहचान करना सबसे ज्यादा जरूरी है ताकि इस घटना का असल कारण सामने आ सके है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *