MP News: मध्यप्रदेश के पन्ना में दोस्त के साथ घूमने आई नाबालिग के साथ गैंगरेप और लूट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने नाबालिग के दोस्त को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल, चांदी की चेन और 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उनका जुलूस भी निकाला।
मंदिर के पास दोस्त के साथ बैठी थी नाबालिग
नाबालिग बुधवार शाम अपने साथी युवक के साथ मंदिर घूमने गई थी। दोनों मंदिर से कुछ दूरी पर पेड़ के नीचे बैठे हुए थे, तभी बाइक से आरोपी युवक वहां पहुंचे। युवकों ने दोनों के साथ मारपीट कर धमकाया और युवक को बंधक बना कर चांदी की चेन, मोबाईल, नगद 10 हजार रूपए लूट लिए। इस दौरान तीन युवकों ने नाबालिग को डरा-धमकाकर उसके साथ गैंगरेप किया था। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी फरार हो गए थे।
तबीयत बिगड़ने पर पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर उसके दोस्त ने पुलिस को सूचना दी। गैंगरेप की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को बुधवार रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। गुरुवार सुबह मेडिकल परीक्षण किया गया, इसके बाद पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना देवेंद्रनगर में धारा 115(2), 137(2), 70(2), 351(3) भारतीय न्याय संहिता एवं 5(जी)/6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध सामूहिक बलात्कार का अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 309(6) भारतीय न्याय संहिता एवं 3(1)(ई), 3(2)(व), 3(2)(वा) एससी/एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई।
पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की जांच में जुटी पुलिस ने आरोपियों के हुलिया के आधार पर आसपास के ग्रामों में संदिग्ध व्यक्तियों की सघन तलाश की। इसी बीच मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बड़ागांव बांध क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन संदेहियों श्रीपाल गडारी (27), शनि पाल (23), राहुल जैसवाल (27) को पकड़कर उनसे पूछताछ की तो उन्होंने वारदात को अंजाम देना कबूल किया। आरोपियों ने अपने साथी हेतराम उर्फ हितु पटेल के बारे में बताया उसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जंगल में पहले से मौजूद थे आरोपी
पूछताछ पर आरोपियों ने बताया की वो जंगल में पहले से मौजूद थे, जैसे ही युवक-युवती एकांत स्थान पर आए तो मौके का फायदा उठाकर युवक को बंधक बनाकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपियों द्वारा दुष्कर्म करने का वीडियो भी बनाया गया था, साथ ही पीड़िता और उसके दोस्त से नगद रुपये एवं मोबाइल, चांदी की चेन छीन ली थी जिन्हें पुलिस ने आरोपियों से बरामद कर लिया है।
पुलिस ने निकाला आरोपियों का जुलूस
आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने चारों का देवेंद्रनगर में जुलूस निकाला। जुलूस की जानकारी लगते ही रास्ते में भीड़ लग गई। लोगों में नाराजगी को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था।


