गोरखपुर में गर्मी और उमस से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। बुधवार को शहर में सुबह से ही मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। आसमान में हल्के बादल छाए रहे और बीच-बीच में तेज धूप भी निकलती रही। हवा में नमी की मात्रा 70 प्रतिशत से अधिक होने के कारण चिपचिपी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। शाम तक तेज हवा के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। कल से तेज हवा और बारिश के बन रहे आसार मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पांडेय ने बताया कि गोरखपुर में गुरुवार से मौसम का मिजाज बदल सकता है। अगले तीन दिनों तक बादलों की आवाजाही के साथ आंधी और बारिश की स्थिति बन सकती है। इससे दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है। 11 से 14 जून के बीच प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवा के साथ रुक-रुककर बारिश हो सकती है। 4 तस्वीरें देखिए… मानसून का ज्यादा नहीं करना पड़ेगा इंतजार मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 15 जून के बाद बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाओं का असर पूर्वी यूपी में बढ़ने लगेगा। इससे मानसून के आगे बढ़ने के लिए माहौल अनुकूल होगा। अगर मानसून की रफ्तार सामान्य बनी रही तो 16 से 18 जून के बीच गोरखपुर समेत पूर्वांचल के कई जिलों में मानसून की दस्तक हो सकती है। अभी मानसून पूर्वोत्तर राज्यों, सिक्किम और बंगाल के हिस्सों तक पहुंच चुका है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इसकी चाल सामान्य रहने पर गोरखपुर में जल्द मानसूनी बारिश शुरू हो सकती है। हालांकि इससे पहले 12 जून से ही मौसम में बदलाव दिखने लगेगा। बादल और हल्की बारिश के दौर शुरू होंगे, लेकिन अच्छी मानसूनी बारिश 16 जून के बाद होने की उम्मीद है।


