Petrol-Diesel की कीमतों में उछाल, फिर भी गिर गए सरकारी तेल कंपनियों के शेयर, जानें क्या है वजह

Petrol-Diesel की कीमतों में उछाल, फिर भी गिर गए सरकारी तेल कंपनियों के शेयर, जानें क्या है वजह

Oil Marketing Companies Share Price: देश में काफी समय के बाद पेट्रोल और डीजल के दाम 3 रुपए प्रति लीटर बढ़ गए हैं। इसके बावजूद शेयर बाजार में सरकारी तेल कंपनियों (HPCL, BPCL, IOCL) के शेयरों में 2.6 फीसदी तक की गिरावट देखी की गई। इसका मुख्य कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों का 107 डॉलर प्रति बैरल के पार जाना और निवेशकों की उम्मीद से कम दाम बढ़ाया जाना है।

कितने गिरे तीनों कंपनियों के शेयर

आमतौर पर कीमतें बढ़ने से कंपनियों का मुनाफा बढ़ता है और शेयर ऊपर जाते हैं, लेकिन शुक्रवार को उल्टा देखने को मिला। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) जैसी सरकारी तेल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) के शेयरों में शुक्रवार को गिरावट आई। HPCL के शेयरों में 2.76 फीसदी की बड़ी गिरावट आई, वहीं BPCL 2 फीसदी और IOCL का शेयर 1.82 फीसदी तक नीचे गिर गया।

Oil Marketing Companies

कीमतें बढ़ने के बाद भी क्यों आई गिरावट?

पेट्रोल-डीजल के दोमों में बढ़ोतरी के बावजूद सरकारी तेल कंपनियों (HPCL, BPCL, IOCL) के शेयरों में इस गिरावट की मुख्य वजह यह है कि बढ़ाई गई कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ रही क्रूड ऑयल की कीमतों की तुलना में काफी कम है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल (Brent Crude) 107 डॉलर प्रति बैरल और वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड (WTI Crude) 102 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बना हुआ है।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार ने कहा कि पेट्रोल-डीजल में 3 रुपए प्रति लीटर और CNG में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी दिखाती है कि सरकार महंगाई को अचानक बढ़ने से रोकने के लिए छोटे-छोटे चरणों में कीमतें बढ़ा रही है, ताकि लागत-जनित महंगाई (cost-push inflation) में अचानक तेजी न आ जाए।

कंपनियां झेल रहीं भारी दबाव

सरकारी अनुमानों के मुताबिक, वैश्विक तनाव और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण तेल कंपनियां पेट्रोल पर करीब 20 और डीजल पर 100 रुपए प्रति लीटर का नुकसान झेल रही हैं। पिछले कई महीनों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमतें बढ़ने के बावजूद भारत में कीमतें स्थिर थीं। मार्च 2024 के बाद यह पहली बार है जब कीमतों में बदलाव किया गया है।

देशभर में नई कीमतें लागू

कीमतों में 3-3 रुपये की बढ़ोतरी के बाद देश के प्रमुख शहरों में फ्यूल की कीमतें बढ़ गई हैं-

शहर पेट्रोल कीमत पेट्रोल बढ़ोतरी डीजल कीमत डीजल बढ़ोतरी
New Delhi ₹97.77 +3.00 ₹90.67 +3.00
Kolkata ₹108.74 +3.29 ₹95.13 +3.11
Mumbai ₹106.64 +3.10 ₹93.14 +3.11
Chennai ₹103.90 +3.10 ₹95.47 +3.08
Noida ₹90.04 +3.30 ₹91.31 +3.50
Bangalore ₹106.17 +3.21 ₹94.10 +3.11
Hyderabad ₹110.89 +3.39 ₹98.96 +3.26
Jaipur ₹108.19 +3.16 ₹93.43 +2.94

डोनाल्ड ट्रंप के बयान ने बढ़ाई चिंता

बाजार में गिरावट की एक और बड़ी वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का हालिया बयान है। ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद Fox News को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि उन्हें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) को खुला रखने की कोई जरूरत महसूस नहीं होती। यह बयान ऐसे समय आया है जब इस क्षेत्र में चल रहे तनाव के कारण ऊर्जा बाजारों में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *