हरदोई शहर में सगाई समारोह में प्रतिष्ठित दुकान से खरीदी गई मिठाई में फफूंद निकली। युवती के होने वाले ससुरालजनों ने इस पर नाराजगी जताई। पुलिस लाइन निवासी एक फॉलोअर ने अपनी बेटी की शादी सहारनपुर में तय की थी। 15 अप्रैल को सगाई का कार्यक्रम होना था, जिसके लिए उन्हें मिठाई ले जानी थी। 14 अप्रैल को उनके बेटे ने शहर की कैनाल रोड स्थित एसपी तिराहा के पास एक मिठाई की दुकान से 10 किलो लड्डू और 5 किलो मिक्स मिठाई खरीदी। इसके लिए 4200 रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया गया। मिठाई के डिब्बों को आकर्षक पैकिंग के साथ बिना खोले ही पैक करा लिया गया। 15 अप्रैल को शहर के एक होटल में सगाई समारोह के दौरान ये डिब्बे युवती के होने वाले ससुराल वालों को उपहार स्वरूप दिए गए। सगाई के बाद ससुराल वाले अपने घर सहारनपुर लौट गए। 16 अप्रैल को जब उन्होंने मिठाई के डिब्बे खोले, तो उनमें फफूंद लगी पाई गई। युवती के ससुराल वालों ने फफूंद लगी मिठाई का वीडियो युवती के पिता के व्हाट्सएप पर भेजकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। इसके बाद शुक्रवार को युवती के पिता और भाई शिकायत करने के लिए दुकानदार के पास पहुंचे। दावा है उनकी दुकानदार से कहासुनी भी हुई। नाराज होकर युवती के भाई ने खाद्य विभाग में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। सहायक आयुक्त कुमार गुंजन ने बताया मामला संज्ञान में है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।


