सीतापुर में नहर में डूबा युवक लापता:दोस्तों के साथ नहाने गया था, पुलिस गोताखोरों से करवा रही तलाश

सीतापुर में नहर में डूबा युवक लापता:दोस्तों के साथ नहाने गया था, पुलिस गोताखोरों से करवा रही तलाश

सीतापुर के लहरपुर कोतवाली इलाके में गर्मी से राहत पाने के लिए नहर में नहाने गया एक 18 वर्षीय युवक शुक्रवार दोपहर शारदा सहायक नहर में डूबकर लापता हो गया। घटना क्षेत्र स्थित रेगुलेटर पुल के पास की है, जहां हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। जानकारी के अनुसार, नगर के मोहल्ला नई आबादी कटरा निवासी नदीम (18) अपने दोस्तों अमन, परवेज और तौसीफ के साथ नहर में नहाने गया था। नहाने के दौरान नदीम अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह पानी में लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और परिजनों को जानकारी दी गई। युवक के लापता होने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि नदीम के माता-पिता का पहले ही देहांत हो चुका है और परिवार में पांच भाई व दो बहनें हैं, जो मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी है। लेकिन 1 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अभी तक नदीम का कोई सुराग नहीं लग सका था। पुलिस और गोताखोरों की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है और गोताखोरों की सहायता से लापता युवक की तलाश की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *