कल्याण स्टेशन पर दरिंदगी! मामा के घर जा रही नाबालिग का फोन छीना, फिर यार्ड में किया दुष्कर्म

मुंबई के करीब कल्याण रेलवे स्टेशन से एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां एक नाबालिग लड़की के साथ स्टेशन परिसर में ही कथित दुष्कर्म की घटना हुई। रेलवे पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। इस घटना के बाद रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित नाबालिग लड़की अहिल्यानगर (अहमदनगर) से अपने मामा के घर खोपोली जाने के लिए निकली थी। वह कल्याण रेलवे स्टेशन पर खोपोली जाने के लिए लोकल ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी सौरभ सोनावणे उसके पास आया।

‘मोबाइल चाहिए तो मेरे साथ चल…’

आरोप है कि सौरभ ने पीड़ित लड़की के हाथ से उसका मोबाइल फोन छीन लिया। जब लड़की ने अपना मोबाइल वापस मांगा, तब आरोपी ने उसे धमकाते हुए कहा कि अगर मोबाइल चाहिए तो उसके साथ पुलिस स्टेशन चलना होगा। इसके बाद आरोपी उसे स्टेशन से दूर सुनसान रेलवे यार्ड में ले गया और वहां उसके साथ दरिंदगी की।

बताया जा रहा है कि पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से बच निकली और सीधे रेलवे पुलिस स्टेशन पहुंच गई। वहां पहुंचते ही उसने पूरी घटना पुलिस को बताई। मामला सामने आते ही रेलवे पुलिस हरकत में आई और तत्काल जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी से दबोचा गया दरिंदा

कल्याण लोहमार्ग पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की। कल्याण स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपी सौरभ की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

रेलवे सुरक्षा पर उठे सवाल

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि कल्याण जैसे भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशन पर इतनी बड़ी घटना हो गई और किसी को भनक तक नहीं लगी। इस वाकिये ने रेलवे पुलिस और स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन और यार्ड इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों को रोका जा सके। फिलहाल लोहमार्ग पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *