छात्राओं से लिया शिक्षकों का फीडबैक, सोशल साइंस के टीचर सबके पसंदीदा

छात्राओं से लिया शिक्षकों का फीडबैक, सोशल साइंस के टीचर सबके पसंदीदा

सतना। पीएमश्री स्कूल के औचक निरीक्षण पर पहुंची मैहर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने विद्यालय की छात्राओं से शिक्षकाें का फीडबैक लिया। जब उन्होंने देखा कि इस विद्यालय में रिजल्ट प्रदेश के औसत से खराब है तो उन्होंने बच्चों से संवाद करके शिक्षकों की पठन पाठन व्यवस्था जानने की कोशिश की। बच्चों से पूछा कि अंग्रेजी के टीचर कैसे हैं तो सिर्फ एक छात्रा ने हाथ खड़े किए। इसके बाद सोशल साइंस के टीचर की बात आई तो सभी बच्चों ने हाथ खड़े कर दिए। साइंस के टीचर पर तीन-चार छात्राओं ने हाथ खड़े किए। कलेक्टर ने जब पूछा कि मैथ के टीचर पसंद है तो ज्यादातर छात्राओं ने हाथ उठा दिए। इस तरह कलेक्टर ने यहां के शिक्षकों की स्थिति समझी। इस दौरान एसडीएम दिव्या पटेल भी मौजूद रहीं।

यूपीएससी के लिए हाइट जरूरी नहीं

कलेक्टर वे विद्यालय निरीक्षण के दौरान छात्राओं को कैरियर संबंधी टिप्स भी दिए। छात्राओं से पूछा कि आगे जाकर क्या बनना चाहती हो? इस पर एक छात्रा ने बताया कि टीचर बनना है। कलेक्टर ने पूछा कि आप टीचर बनकर क्या ऐसा करोगे जो अभी आपके टीचर नहीं कर रहे। दूसरी छात्रा ने कहा कि पुलिस में जाना है। इस पर कलेक्टर ने कहा कि उसके लिए लंबाई भी चाहिए, दौड़ना भी होता है। लेकिन यूपीएससी में कम हाइट वाले भी जा सकते हैं। इसके बाद कैरियर टिप्स भी दिए।

खराब परिणाम पर जताई नाराजगी

पीएमश्री विद्यालय के 10वीं और 12वीं कक्षा के खराब परिणाम पर नाराजगी व्यक्त की। समीक्षा में पाया कि कुल 146 छात्राओं में केवल 105 छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं। अंग्रेजी विषय में 38, गणित में 35 और साइंस में 30 सहित हिन्दी विषय में भी 4 छात्राओं अनुत्तीर्ण रहीं। राज्य स्तरीय औसत रिजल्ट 72 प्रतिशत से कम यहां का रिजल्ट मिलने पर संबंधित विषय के शिक्षकों को शो-कॉज जारी करने कहा। कहा, पीएमश्री स्कूल में इस तरह का रिजल्ट अत्यंत चिंताजनक है।यहां का परिणाम तो सबसे बेहतर होना चाहिए। अब यहां जिले के सबसे अच्छे शिक्षकों की पदस्थापना की जाएगी।

ये शिक्षक गायब मिले

निरीक्षण के दौरान माध्यमिक शिक्षक मृणाल निगम, सहायक ग्रेड-2 शिवेन्द्र निगम, प्रयोगशाला शिक्षक विनोद चतुर्वेदी, सहायक शिक्षक विज्ञान संजय कुमार मिश्रा और भृत्य अमित सिंह अनुपस्थित पाये गये। सभी को नोटिस जारी किया गया। कलेक्टर ने कहा कि मैहर जिले के सभी प्राचार्यो और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ स्कूलवार कक्षा 10वीं और 12वीं के रिजल्ट की समीक्षा की जायेगी।

bidisha
आंगनबाड़ी के निरीक्षण में पहुंचीं कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी

आंगनबाड़ी में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश

कलेक्टर ने मैहर के वार्ड क्रमांक 2 स्थित आंगनवाडीकेन्द्र के औचक निरीक्षण पर पहुंची। यहां बच्चों की संख्या कम पाए जाने पर असंतोष जताया और उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान छोटे बच्चों से बाल सुलभ बातें की। यहां बच्चों को दिए जाने वाले भोजन और नाश्ता के साथ ही प्री स्कूल के दौरान दी जाने वाली शैक्षणिक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस आंगनबाड़ी को सीएसआर के तहत प्री-स्कूल आदर्श आंगनवाडीकेन्द्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

collector
हरनामपुर मंडी के निरीक्षण में पहुंची कलेक्टर

मंडी सचिव और डीएम नान को शो-कॉज नोटिस

कलेक्टर ने हरनामपुर मंडी स्थित गेहूं उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। केंद्र में व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। यहां खरीदी गई उपज का उठाव होना नहीं पाया गया। इस पर जिला प्रबंधक नान पंकज बोरसे और मण्डी सचिव मैहर पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके विरूद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *