Woman Assault Attempt: शहर के तुडियालूर इलाके में सड़क किनारे बैठी एक मानसिक रूप से बीमार महिला के साथ 17 वर्षीय नाबालिग लड़के ने कथित तौर पर यौन उत्पीड़न की कोशिश की। महिला के मदद के लिए चिल्लाने पर वहां मौजूद दो आवारा श्वानों ने लड़के पर हमला कर दिया और उसे वहां से भागने पर मजबूर कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने नाबालिग की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, महिला रेलवे ओवरब्रिज के सर्विस रोड के पास दो आवारा श्वानों के साथ बैठी थी।
शराब के नशे में था आरोपी
इसी दौरान एक नाबालिग लड़का वहां पहुंचा। पुलिस ने बताया कि वह शराब के नशे में था। सीसीटीवी फुटेज में लड़का पहले महिला से बात करता नजर आ रहा है। इसके बाद उसने पास से पत्थर उठाया और श्वानों को भगाने की कोशिश की। फुटेज में दोनों श्वान कुछ दूरी पर जाते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन वे पूरी तरह वहां से नहीं गए। वे लगातार भौंकते रहे और लड़के पर नजर बनाए रखी। पुलिस के मुताबिक, श्वानों के थोड़ा दूर हटने के बाद लड़के ने महिला के साथ यौन उत्पीड़न की कोशिश की। महिला घबरा गई और मदद के लिए चिल्लाने लगी।
आरोपी पर झपटे श्वान
महिला की आवाज सुनते ही दोनों श्वान उसकी ओर दौड़े और लड़के पर झपट पड़े। पुलिस के अनुसार, श्वानों ने लड़के के पैरों को काट लिया और उसे महिला से दूर खींच दिया। इसके बाद लड़का वहां से भागने लगा। एक श्वान कुछ दूर तक उसके पीछे भी दौड़ा। घटना के बाद महिला वहीं रह गई। यह मामला उस समय पुलिस के सामने आया, जब तुडियालूर पुलिस एक अलग शिकायत की जांच कर रही थी। पुलिस को अशोकपुरम की एनजीओ कॉलोनी में एक छोटी दुकान में आग लगाए जाने की शिकायत मिली थी।
सीसीटीवी से हुआ खुलासा
इस शिकायत की जांच के दौरान पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही थी। इसी दौरान पुलिस को महिला के साथ हुई घटना की फुटेज मिली। फुटेज की मदद से पुलिस ने नाबालिग की पहचान की। पुलिस ने उसे गुरुवार को ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। जांच में घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और नाबालिग की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया है।




