Domestic Harassment Case: पांडेसरा क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने जेठ पर छेड़छाड़ और धमकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। विवाहिता का आरोप है कि आरोपी ने करीब दो महीने पहले घर में मौका पाकर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया था। उस समय सामाजिक बदनामी और धमकी के कारण उसने किसी को घटना के बारे में नहीं बताया। इसके बाद 17 सितंबर को आरोपी ने फिर उसका हाथ पकड़कर कथित तौर पर अश्लील बात कही और विरोध करने पर धमकी दी।
जेठ अविनाश के खिलाफ शिकायत
परेशान होकर विवाहिता ने पुलिस का रुख किया। पुलिस के अनुसार पांडेसरा क्षेत्र निवासी विवाहिता ने अपने जेठ अविनाश के खिलाफ शिकायत दी है। शिकायत के मुताबिक करीब दो महीने पहले आरोपी उसके घर पहुंचा था। आरोप है कि मौका पाकर उसने विवाहिता का हाथ पकड़कर उसे अपने करीब खींचा और उसके साथ छेड़छाड़ की। विवाहिता के विरोध और शोर मचाने की बात कहने पर आरोपी वहां से चला गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जाते समय आरोपी ने किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
छत पर पकड़ लिया हाथ
विवाहिता के मुताबिक 17 सितंबर की शाम करीब छह बजे आरोपी फिर उसके घर पहुंचा और छत पर उसका हाथ पकड़ लिया। आरोप है कि उसने विवाहिता से आपत्तिजनक बात कहते हुए उसके पास आने के लिए दबाव बनाया। विवाहिता ने विरोध कर अपना हाथ छुड़ा लिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद विवाहिता ने हिम्मत जुटाकर पांडेसरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रेमिका को बाइक सिखाने प्रेमी बन गया चोर
वहीं दूसरी तरफ प्रेमिका को बाइक चलाना सिखाने की इच्छा पूरी करने के लिए एक युवक ने चोरी का रास्ता अपना लिया। कतारगाम क्षेत्र के एक अस्पताल की पार्किंग से बाइक चोरी करने के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की बाइक बरामद कर वाहन चोरी का मामला सुलझाने का दावा किया है। कतारगाम पुलिस की टीम वाहन चोरी के अनसुलझे मामलों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने डभोली की श्यामदर्शन सोसाइटी निवासी ध्रुव कमलेशभाई भट्ट (19) को पकड़ा।
पूछताछ में पुलिस के सामने बाइक चोरी की घटना का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, ध्रुव और मध्यप्रदेश निवासी एक युवती के बीच पिछले करीब छह महीने से प्रेम संबंध है। युवती ने ध्रुव से बाइक चलाना सीखने की इच्छा जताई थी। ध्रुव प्राइवेट नौकरी करता है, लेकिन तत्काल नई बाइक खरीदने की स्थिति में नहीं था। पुलिस का कहना है कि प्रेमिका की इच्छा पूरी करने के लिए उसने दो दिन पहले एक अस्पताल की पार्किंग से बाइक चोरी कर ली। चोरी की बाइक के साथ पकड़े जाने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की और वाहन बरामद कर लिया। जांच में आरोपी का इससे पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

