Surajpur News: APL और BPL परिवारों को भी मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ, 97% पात्र लोगों का जुड़ा नाम

Surajpur News: APL और BPL परिवारों को भी मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ, 97% पात्र लोगों का जुड़ा नाम

Surajpur News: आयुष्मान भारत योजना के तहत सूरजपुर जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अब तक 7 लाख 66 हजार 134 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। कार्ड निर्माण का आंकड़ा करीब 97 प्रतिशत पहुंच गया है और इस मामले में सूरजपुर प्रदेश में प्रथम स्थान पर बताया गया है। अब प्रशासन का फोकस उन पात्र परिवारों तक पहुंचने पर है, जो अभी तक योजना से नहीं जुड़ पाए हैं। इसके लिए विशेष अभियान और स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लोगों को योजना से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।

Ayushman Yojana: एक महीने में 19 हजार से ज्यादा लोगों के बने कार्ड

जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग ने पंचायत, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों के सहयोग से अभियान को गति दी।पिछले एक महीने में करीब 19 हजार 318 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। इसके साथ ही 2519 वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदन आयुष्मान कार्ड भी तैयार किए गए हैं। जिले में अब तक 16 हजार से अधिक वय वंदन आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।

अब छूटे परिवारों को योजना से जोड़ने की तैयारी

17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के दौरान प्रशासन का विशेष फोकस उन पात्र परिवारों पर है, जो अभी तक आयुष्मान योजना से नहीं जुड़ सके हैं। इसके लिए जिले के प्रत्येक विकासखंड में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए अलग स्टॉल की व्यवस्था होगी। यहां लोगों को योजना की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों के मौके पर ही कार्ड बनाए जाएंगे और तैयार कार्ड वितरित भी किए जाएंगे।

घर-घर पहुंचकर हितग्राहियों से संवाद करेगी टीम

स्वास्थ्य विभाग की टीम आयुष्मान योजना के तहत उपचार का लाभ ले चुके हितग्राहियों के घर भी पहुंचेगी। टीम उनसे योजना के तहत मिले उपचार और सुविधाओं को लेकर संवाद करेगी। इसके जरिए पात्र लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाने और छूटे परिवारों को जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

1 अक्टूबर को वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष शिविर

वृद्धजन सेवा संकल्प अभियान के तहत 1 अक्टूबर को सूरजपुर के मंगल भवन में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। साथ ही पात्र लोगों के वय वंदन आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे। कार्ड बनवाने के लिए हितग्राहियों को राशन कार्ड, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर साथ लाने के लिए कहा गया है। राशन कार्ड में संबंधित हितग्राही का नाम दर्ज होना जरूरी होगा।

APL और BPL परिवारों को भी मिलेगा योजना का लाभ

अभियान के दौरान पात्र एपीएल परिवारों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पात्र APL परिवारों को 50 हजार रुपये तक, जबकि पात्र BPL परिवारों को 5 लाख रुपये तक उपचार की सुविधा योजना के तहत उपलब्ध है। प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले में कोई भी पात्र परिवार आयुष्मान भारत योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए आने वाले दिनों में शिविरों और मैदानी स्तर पर संपर्क अभियान को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *