Mahakavya Shri Ramayan Katha: अंजलि अरोड़ा, देव शर्मा और रजनीश दुग्गल स्टारर फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ रिलीज होते ही चर्चा में आ गई है। फिल्म ‘रामायण’ की कहानी पर आधारित है और शुक्रवार यानी 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में पहुंची है। रिलीज के बीच फिल्म के एक नए कैरेक्टर पोस्टर को लेकर सोशल मीडिया पर खूब मजेदार प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। वजह पोस्टर के पीछे नजर आ रहा एक कलाकार है, जिसकी आंखों पर चश्मा दिखाई दे रहा है।

पोस्टर में चश्मे ने खींचा लोगों का ध्यान
फिल्म के मेकर्स ने गुरुवार को फिल्म के कुछ दूसरे किरदारों से जुड़े पोस्टर जारी किए थे। इनमें सुग्रीव के किरदार से जुड़ा पोस्टर भी शामिल था। इसी पोस्टर में पीछे खड़े एक कलाकार को चश्मा पहने हुए देखा गया। रामायण की कहानी त्रेता युग की पृष्ठभूमि में होने की वजह से सोशल मीडिया यूजर्स ने इस चश्मे को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कुछ लोगों ने इसे पोस्टर एडिटिंग की गलती बताया तो कुछ ने इसे लेकर मजेदार कमेंट किए।



एक यूजर ने लिखा कि पोस्टर जारी करने से पहले चश्मे को एडिट करके हटाया जा सकता था। वहीं, एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि त्रेता युग में आखिर चश्मा कौन पहनता था। एक और कमेंट में कहा गया कि पहली बार त्रेता युग में चश्मा देखने को मिला।
रणबीर कपूर की ‘रामायण’ से पहले आई ये फिल्म
नितेश तिवारी की रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर ‘रामायण’ से पहले रामायण की कहानी पर आधारित ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ दर्शकों के बीच पहुंच गई है। फिल्म में अंजलि अरोड़ा, देव शर्मा और रजनीश दुग्गल प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
फिल्म के टीजर के सामने आने के बाद से ही इसकी कास्टिंग सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई थी। खास तौर पर अंजलि अरोड़ा को माता सीता के किरदार में लिए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं।
अंजलि अरोड़ा ने ट्रोलिंग पर कही थी ये बात
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान अंजलि अरोड़ा से सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग को लेकर भी सवाल किया गया था। उन्होंने कहा था कि वह सार्वजनिक जीवन का हिस्सा हैं और लोगों को अपनी पसंद-नापसंद जाहिर करने का अधिकार है। अंजलि के मुताबिक, कलाकार को जो किरदार मिलता है, उसे पूरी मेहनत के साथ निभाना उसका काम है। इसके बाद दर्शक उस किरदार और फिल्म को किस तरह देखते हैं, यह उनका फैसला है।
उन्होंने यह भी कहा था कि वह चाहती हैं कि दर्शक फिल्म देखते समय उनके सोशल मीडिया वाले व्यक्तित्व और निजी जिंदगी को अलग रखें और सिर्फ उनके निभाए गए किरदार को देखें। फिलहाल फिल्म के पोस्टर में नजर आए चश्मे ने सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ी चर्चा को एक नया विषय दे दिया है। अब यह महज पोस्टर डिजाइन या एडिटिंग की गलती थी या मेकर्स की नजर इस पर नहीं गई, इसे लेकर ही यूजर्स अपने-अपने अंदाज में प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

