संभल में शुक्रवार रात तेज हवाओं और बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। अचानक हुई बूंदाबांदी और 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण चंदौसी शहर और जिले के लगभग 200 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से आवागमन भी प्रभावित हुआ, जबकि तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार रात करीब 8 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। धूल भरी तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और रात 9:15 बजे तक सन्नाटा पसर गया। दिन के मुकाबले तापमान 10 डिग्री सेल्सियस गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। इस दौरान AQI भी 188 से घटकर 111 दर्ज किया गया। तेज हवाओं के कारण चंदौसी बिजली घर क्षेत्र के मौलागढ़ और हनुमानगढ़ समेत जनपद संभल के लगभग 200 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। तारों के टकराने की आशंका के चलते विद्युत विभाग ने एहतियातन लाइनों को बंद कर दिया। संभल शहर में भी लगातार ट्रिपिंग की समस्या देखी गई। चंदौसी के एक्सईएन दिनेश कुमार ने बताया कि स्थिति सामान्य होते ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। थाना असमोली और थाना ऐंचौड़ा कम्बोह क्षेत्र के चौधरपुर मार्ग पर बारिश और तेज हवा के कारण पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गए, जिससे आवागमन बाधित हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पेड़ों को हटाकर मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया। इस बारिश से किसानों को भारी नुकसान की आशंका है। सभासद गगन वार्ष्णेय ने बताया कि मौसम के इस बदलाव से किसानों को अधिक क्षति होगी। इससे पहले हुई ओलावृष्टि और आंधी-बारिश के कारण गेहूं की बालियां टूट गई थीं, मक्का में कीड़ा लग गया था और सरसों की फसल भी खराब हो गई थी। यदि अब और बारिश होती है, तो मेंथा की फसल पर भी संकट आ जाएगा।


