हरदोई में एसडीएम शाहाबाद पर पथराव, सिर में लगी चोट:अन्नपूर्णा भवन निरीक्षण के दौरान प्रधान प्रतिनिधि से हुई नोंकझोंक, 5 टांके लगे

हरदोई में एसडीएम शाहाबाद पर पथराव, सिर में लगी चोट:अन्नपूर्णा भवन निरीक्षण के दौरान प्रधान प्रतिनिधि से हुई नोंकझोंक, 5 टांके लगे

हरदोई के शाहाबाद में अन्नपूर्णा भवन के निरीक्षण के दौरान एसडीएम एसके मिश्रा पर पथराव हुआ, जिससे उनके सिर में चोट आई। यह घटना सोमवार की शाम परियल ग्राम पंचायत में हुई, जब एसडीएम और प्रधान प्रतिनिधि के बीच अधूरे काम को लेकर बहस हो गई। मेडिकल कॉलेज में डीएम अनुनय झा और एसपी अशोक कुमार मीणा एसडीएम का हाल जानने पहुंचे। एसडीएम के सिर पर ढाई सेंटीमीटर गहरे घाव में लगे 5 टांके लगे हैं। एसडीएम एसके मिश्रा सोमवार को शाहाबाद ब्लॉक के कहारकोला गांव में बाढ़ से जुड़ी संभावित मॉक ड्रिल के निरीक्षण के लिए गए थे। उन्होंने अन्नपूर्णा भवन के पास गाड़ी रोककर कोटेदार से शटर ऊपर-नीचे करने को कहा। शटर एक बार ऊपर-नीचे हुआ, लेकिन दोबारा नहीं हो पाया। उसी के सामने आरसीसी सेंटर के दरवाजों के पल्ले भी नहीं लगे थे। इस विषय पर उन्होंने प्रधान पुत्र उदयवीर से जानकारी मांगी, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसपर एसडीएम ने नाराजगी व्यक्त की। दावा किया कि प्रधान पुत्र ने उनके साथ अभद्रता की। एसडीएम ने उदयवीर को गाड़ी में बैठने के निर्देश दिए। इस दौरान आसपास की महिलाएं और अन्य लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
भीड़ के बीच से अचानक पथराव शुरू हो गया। एक पत्थर सीधे एसडीएम के सिर में लगा, जिससे वह घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम न्यायिक प्रफुल्ल त्रिपाठी और एसडीएम सदर मयंक कुंडू पुलिस टीम के साथ शाहाबाद पहुंचे। उन्होंने मामले की पड़ताल की और घायल एसडीएम को मेडिकल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जिलाधिकारी अनुनय झा ने भी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर एसडीएम का हालचाल जाना। बताया गया है कि परियल की प्रधान शिवरानी हैं, जो जिला पंचायत सदस्य लालाराम कुशवाहा की पत्नी हैं। उदयवीर उनके पुत्र हैं और प्रधान प्रतिनिधि के तौर पर कार्य करते हैं। प्रारंभिक बहस अधूरे अन्नपूर्णा भवन के निर्माण को लेकर ही हुई थी। पुलिस ने इस मामले में तहरीर प्राप्त कर ली है और भीड़ में शामिल हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *