STF ने तीन असलाह तस्कर दबोचे, हथियारों का जखीरा बरामद:मिर्जापुर थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर गिरफ्तार किए गए आरोपी, ब्लैक स्कॉर्पियो, दो मोबाइल मिले

STF ने तीन असलाह तस्कर दबोचे, हथियारों का जखीरा बरामद:मिर्जापुर थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर गिरफ्तार किए गए आरोपी, ब्लैक स्कॉर्पियो, दो मोबाइल मिले

अपर पुलिस अधीक्षक STF बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में STF मेरठ की फील्ड यूनिट ने सहारनपुर में अंतरराज्यीय असलाह तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। STF की मानें तो आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं। बरामदगी में 12 बोर के 425 कारतूस समेत विभिन्न बोर के हथियार, एयर गन, तलवार और एक ब्लैक स्कॉर्पियो शामिल है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों की खरीद-फरोख्त और इनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक STF बृजेश कुमार सिंह के मुताबिक, टीम ने सहारनपुर के थाना मिर्जापुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आजम पुत्र शोएब खान निवासी मोहल्ला पिलखनतला, थाना मंडी, सहारनपुर, इकराम पुत्र सुल्तान निवासी ग्राम बड़ी माहेश्वरी, थाना चिलकाना, सहारनपुर और दानिश पुत्र असलम खान निवासी कस्बा नकुड़, थाना नकुड़, सहारनपुर के रूप में हुई है। अफसरों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ और बरामद सामान की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। हथियारों के साथ कारतूसों का जखीरा
आरोपियों के पास से एक पंप एक्शन 12 बोर, दो 12 बोर की बंदूक, एक 315 बोर की बंदूक, तीन एयर गन और एक 12 बोर का तमंचा बरामद हुआ। इसके अलावा एक तलवार भी मिली है। सबसे महत्वपूर्ण बरामदगी 12 बोर के 425 कारतूस की बताई गई है। पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन और एक ब्लैक स्कॉर्पियो कार भी कब्जे में ली है। अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच में जुटी STF
बड़ी संख्या में हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद STF आरोपियों के कथित नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियार और कारतूस कहां से हासिल किए गए थे और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह के संपर्क में और कौन-कौन लोग हैं तथा हथियारों की तस्करी का नेटवर्क किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है। मोबाइल और स्कॉर्पियो भी जांच के दायरे में
आरोपियों से बरामद दोनों मोबाइल फोन और ब्लैक स्कॉर्पियो को भी जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। STF मोबाइल फोन में मौजूद संपर्कों और अन्य डिजिटल जानकारी की जांच कर सकती है। वहीं, वाहन का इस्तेमाल हथियारों की आवाजाही में किया जाता था या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *