SRFTI Kolkata में हिंसक झड़प के बाद पांचवें दिन भी कक्षाएं और शूटिंग ठप

SRFTI Kolkata में हिंसक झड़प के बाद पांचवें दिन भी कक्षाएं और शूटिंग ठप

कोलकाता, दो अक्टूबर सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एसआरएफटीआई) में हिंसा के बाद शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन भी कक्षाएं और फिल्मों की शूटिंग निलंबित रहीं। छात्र सख्त सुरक्षा उपायों और बाहरी राजनीतिक कार्यक्रमों पर रोक की मांग को लेकर शैक्षणिक गतिविधियों का बहिष्कार जारी रखे हुए हैं। छात्रों और राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध उपभोक्ता जागरूकता संगठन अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत (एबीजीपी) के सदस्यों के बीच 27 सितंबर को हुई हिंसा के बाद से संस्थान में कक्षाएं नहीं हो रही हैं।

एसआरएफटीआई छात्र संघ के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हमारा बहिष्कार जारी है। छात्रों ने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ फिल्मों की शूटिंग भी रोक दी हैं। हम परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और फिल्म से जुड़े काम से असंबंधित बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध चाहते हैं।’’
एसआरएफटीआई छात्र संघ ने 27 सितंबर को विरोध प्रदर्शन शुरू किया था।

छात्रों ने सवाल उठाया था कि निजी दक्षिणपंथी राजनीतिक संगठन को परिसर की उन सुविधाओं के इस्तेमाल की अनुमति क्यों दी गई, जो परंपरागत रूप से केवल फिल्म प्रदर्शन और अकादमिक सिनेमा के लिए आरक्षित हैं। बाद में सभागार के अंदर विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें करीब 30 छात्र और दो शिक्षक घायल हो गए। छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्हें ‘‘राष्ट्र-विरोधी’’ कहा गया।

दूसरी ओर, एबीजीपी ने आरोप लगाया कि छात्रों ने उसके कानूनी कार्यक्रम में बाधा डाली, पोस्टर और भारत माता की तस्वीर को नुकसान पहुंचाया तथा उसके सदस्यों के साथ मारपीट की। पश्चिम बंगाल सरकार ने हिंसा की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। बांग्ला फिल्म जगत और राष्ट्रीय सिनेमा से जुड़े 90 से अधिक प्रमुख फिल्मकारों एवं कलाकारों ने हिंसा की निंदा की है।

इनमें वरुण ग्रोवर, पायल कपाड़िया, दिबाकर बनर्जी, रीमा दास और चैती घोषाल जैसी प्रमुख हस्तियां शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *