प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को खैरथल के लक्ष्मी नारायण मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। यह कार्यक्रम जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें देश की उन्नति, प्रदेश की खुशहाली और आमजन के सुख-समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। पूजा अर्चना में लिया हिस्सा इस अवसर पर जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट और नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान लक्ष्मी नारायण के दर्शन किए और पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंगलकामना की मंदिर के पुजारी शशि भूषण शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। उन्होंने श्रद्धालुओं को पूजा कार्यक्रम में शामिल किया और देश-प्रदेश की निरंतर प्रगति के लिए मंगलकामनाएं कीं। वक्ताओं ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, जनकल्याण और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है। जनकल्याण की भावना को सुदृढ़ बनाने का संकल्प कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं और अधिकारियों ने राष्ट्र की उन्नति, सामाजिक समरसता तथा जनकल्याण की भावना को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आमजन भी मौजूद रहे।


