किसान संगोष्ठी में आधुनिक तकनीक से पैदावार बढ़ाने पर बल:सवायजपुर में विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ने किसानों को किया संबोधित

किसान संगोष्ठी में आधुनिक तकनीक से पैदावार बढ़ाने पर बल:सवायजपुर में विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ने किसानों को किया संबोधित

हरदोई में गन्ना किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से एक किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। बुधवार को सवायजपुर स्थित रॉयल कृष्णा ग्रैंड लॉन एंड बैंक्वेट में धानुका एग्रीटेक लिमिटेड ने “गन्ना चुनौतियां एवं भविष्य की दिशा” विषय पर यह संगोष्ठी आयोजित की। इसमें क्षेत्र के 400 से अधिक किसानों ने भाग लिया और आधुनिक खेती की जानकारी प्राप्त की। संगोष्ठी के मुख्य अतिथि सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ने किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मिट्टी उपजाऊ है, लेकिन किसानों की वास्तविक समृद्धि आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक खेती को अपनाने से ही संभव है। विधायक ने गन्ना को किसानों की आय बढ़ाने वाली प्रमुख नकदी फसल बताया। विधायक सिंह ने जोर दिया कि उन्नत प्रजातियों, वैज्ञानिक प्रबंधन और नई तकनीकों के उपयोग से गन्ने के उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने कृषि विभाग, वैज्ञानिकों, चीनी मिलों और किसानों के सामूहिक प्रयासों से गन्ना उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया। धानुका एग्रीटेक लिमिटेड के चेयरमैन एमेरिटस डॉ. आर.जी. अग्रवाल ने भारतीय कृषि में विज्ञान आधारित खेती के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कृषि में बदलाव विज्ञान आधारित खेती से ही संभव है। डॉ. अग्रवाल ने मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने के लिए जैविक पदार्थों के उपयोग, जल संरक्षण के लिए ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई, गुणवत्तापूर्ण बीजों के चयन और फसल विविधीकरण को समृद्ध खेती का आधार बताया। उन्होंने विशेष रूप से गन्ने जैसी अधिक पानी वाली फसलों में ड्रिप सिंचाई और आधुनिक जैविक तकनीकों के प्रयोग से उत्पादन बढ़ाने और लागत कम करने की संभावना पर जोर दिया। डॉ. अग्रवाल ने यह भी बताया कि धानुका एग्रीटेक किसानों को उन्नत कृषि समाधान प्रदान करने के साथ ‘धानुका पहल’ के तहत ड्रोन स्प्रेयिंग सेवा भी उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि यह सेवा विशेष रूप से गन्ने की ऊंची और सघन फसल में प्रभावी छिड़काव के लिए उपयोगी है। संगोष्ठी में कृषि वैज्ञानिकों, वरिष्ठ अधिकारियों और चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय तथा भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान लखनऊ के विशेषज्ञों ने भी किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने उन्नत गन्ना प्रजातियों, वैज्ञानिक बुवाई, खाद एवं सिंचाई प्रबंधन, रोग नियंत्रण और गुणवत्ता सुधार जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *