Sonbhadra में ट्रक के गुप्त केबिन से 220 किलो गांजा बरामद, 2 तस्कर अरेस्ट

Sonbhadra में ट्रक के गुप्त केबिन से 220 किलो गांजा बरामद, 2 तस्कर अरेस्ट

सोनभद्र (उप्र) 14 सितंबर उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से पुलिस ने 220 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि गांजा ओडिशा से दिल्ली ले जाया जा रहा था और बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.10 करोड़ रुपये है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बदायूं निवासी बीरेश (45) तथा गोविंद (25) के तौर पर की गई है। उन्होंने बताया कि रविवार को देर शाम राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गेंगुआर के पास पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी, उसी दौरान पुलिसकर्मी हिन्दुआरी तिराहा के पास खड़े एक ट्रक की जांच करने पहुंचे।

वर्मा ने बताया कि पुलिस को देखकर उसमें बैठे दो लोग वाहन से कूद कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। एसपी ने बताया कि मालवाहक ट्रक की तलाशी लेने पर उसके अगले हिस्से में विशेष रूप से बनाया गया एक गुप्त केबिन मिला, जिसमें सात बोरों में 220 किलोग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर दिल्ली जा रहे थे।

वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ राबर्ट्सगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *