खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर स्थित शीतलदास महाराज आश्रम, रैणागिरी में सोमवार 11 मई को ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और सोमनाथ, गुजरात से होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में होने वाले मुख्य कार्यक्रम को लेकर जिले में भी उत्साह का माहौल है। 41 जिलों के शिवालयों में होंगे कार्यक्रम सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष और मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कला एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार देशभर में यह आयोजन किया जा रहा है। राजस्थान में कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग तथा देवस्थान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश के 41 जिलों के प्रमुख शिवालयों में विशेष आयोजन होंगे। जयपुर के झारखंड महादेव मंदिर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया जाएगा। वहीं जिला स्तर पर विभिन्न विभागों की सहभागिता से धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। कला एवं संस्कृति विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी ने बताया कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का उद्देश्य सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए अनुराधा गोगिया, उप शासन सचिव, कला एवं संस्कृति विभाग को राज्य नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति की देवस्थान आयुक्त लक्ष्मी नारायण मंत्री ने बताया कि देवस्थान विभाग की ओर से 8 मई को जारी आदेश के अनुसार सभी जिलों में आयोजन स्थलों के लिए प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने निकटतम शिवालय में पहुंचकर इस ऐतिहासिक पर्व के सहभागी बनें।


