Bijapur Constable Suicide: बीजापुर जिले मुख्यालय में सोमवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब रक्षित केंद्र में पदस्थ एक आरक्षक ने थाना बीजापुर के समीप अपनी इश्यूशुदा राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जवान द्वारा अचानक फायरिंग किए जाने से इलाके में हडक़ंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
Bijapur Constable Suicide: आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही
मिली जानकारी के अनुसार रक्षित केंद्र में तैनात आरक्षक दिलीप तेलम मोटरसाइकिल से थाना बीजापुर की ओर आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक थाना के समीप पहुंचते ही उसने अपनी सर्विस राइफल निकाली और दो राउंड फायर किए। इसके बाद उसने खुद को गोली मार ली। गोली लगते ही जवान मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों ने तत्काल उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हडक़ंप मच गया। जिले के पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामले में पारिवारिक कारणों से आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जवान के साथियों और परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
Bijapur Constable Suicide: विभागीय कर्मचारियों में शोक का माहौल
घटना के बाद पुलिस लाइन और विभागीय कर्मचारियों में शोक का माहौल है। अचानक हुई इस घटना से साथी जवान भी स्तब्ध हैं। बताया जा रहा है कि आरक्षक दिलीप तेलम लंबे समय से रक्षित केंद्र में पदस्थ था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या का कारण स्पष्ट होगा।
अन्य खबरें
CISF जवान की मौत
पुलिस की लापरवाही ने बाइक सवार सीआईएसएफ जवान की जान ले ली। मंगलवार की रात करीब 9 बजे नेशनल हाइवे क्रमांक- 130 पर ग्राम रजपुरीकला स्थित अमेरा कोल खदान गेट के पास एक दिन पहले से खड़े दुर्घटनाकारी ट्रक से लटकी रस्सी में सीआईएसएफ जवान (Road accident) की बाइक फंस गई और वह सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आस-पास के लोगों द्वारा उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीआईएसएफ जवान छुट्टी लेकर बाइक से घर जा रहा था।


