अजमेर के कचहरी रोड पर बुधवार को सड़क डिवाइडर निर्माण के विरोध में व्यापारियों का आक्रोश फूट पड़ा। नगर निगम द्वारा रामसेतु फ्लाईओवर के नीचे बनाए जा रहे डिवाइडर के विरोध में व्यापारियों ने दो घंटे तक अपनी दुकानें बंद रखीं और निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। व्यापारियों का आरोप है कि स्थानीय व्यापारिक संगठनों को विश्वास में लिए बिना मनमाने तरीके से डिवाइडर का निर्माण किया जा रहा है, जिससे व्यापार और यातायात दोनों प्रभावित होंगे। कचहरी रोड व्यापारिक एसोसिएशन के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में दुकानदार शामिल हुए। एसोसिएशन के पदाधिकारी सरबजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए करोड़ों रुपए का बजट उपलब्ध करा रहे हैं। उनका उद्देश्य यातायात को सुगम बनाना, दोपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा देना और व्यापारियों व ग्राहकों को राहत पहुंचाना है, लेकिन निगम के अधिकारी उनके विज़न के विपरीत कार्य कर रहे हैं। प्रोजेक्ट की जानकारी तक नहीं दी व्यापारियों का कहना है कि कचहरी रोड सहित कई जगहों पर डिवाइडर बनाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार निगम अधिकारियों से प्रोजेक्ट की ड्राइंग दिखाने और व्यापारियों से चर्चा कर काम करने का आग्रह किया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। व्यापारियों के अनुसार पूरे मार्ग पर डिवाइडर बनने से ग्राहकों के लिए वाहन पार्क करना मुश्किल हो जाएगा। दुकानदारों को माल उतारने-चढ़ाने में भी परेशानी होगी, जिससे व्यापार प्रभावित होगा। अगली बार पूरे दिन बंद और चक्का जाम की चेतावनी व्यापारियों ने दो घंटे के बंद को सांकेतिक चेतावनी बताते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बार पूरे दिन बाजार बंद रखा जाएगा, विशाल रैली निकाली जाएगी और चक्का जाम भी किया जाएगा। व्यापारियों ने कहा कि किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी जिला प्रशासन और नगर निगम की होगी। प्रदर्शन के दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारी, सैकड़ों दुकानदार और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


