Ujjwala Yojana Subsidy Cut : झुंझुनूं। बढ़ती महंगाई के बीच प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ा झटका लगा है। सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडरों की संख्या में कटौती कर दी है। अब उपभोक्ताओं को वर्षभर में केवल चार सिलेंडरों पर ही सब्सिडी मिलेगी, जबकि पहले नौ सिलेंडरों तक यह सुविधा उपलब्ध थी। हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 29 रुपए की बढ़ोतरी भी हुई है। ऐसे में सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या घटने से गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित होना तय माना जा रहा है।
जिले में 1.58 लाख से अधिक लाभार्थी
झुंझुनूं जिले में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कुल 1 लाख 58 हजार 765 उपभोक्ता हैं। इनमें अधिकांश ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार शामिल हैं। इन परिवारों के लिए गैस सब्सिडी घरेलू खर्च में राहत का बड़ा सहारा रही है। अब चार सिलेंडरों के बाद उपभोक्ताओं को बाजार दर पर गैस सिलेंडर खरीदने पड़ सकते हैं। ऐसे में रसोई का खर्च बढ़ने की आशंका है।
बढ़ी ग्रामीण परिवारों की चिंता
प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को धुएं से मुक्त रसोई उपलब्ध कराना था। योजना के तहत महिलाओं को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिए गए थे, लेकिन अब सब्सिडी सीमित होने से लाभार्थियों की चिंता बढ़ गई है । ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं का कहना है कि सामान्य परिवार वर्षभर में छह से आठ सिलेंडर तक उपयोग कर लेता है। ऐसे में केवल चार सिलेंडरों पर सब्सिडी मिलने से शेष सिलेंडर महंगे दामों पर लेने पड़ेंगे। इससे कई परिवार गैस का उपयोग सीमित करने या फिर वैकल्पिक ईंधन का सहारा लेने को मजबूर हो सकते हैं।
इनका कहना है…
बाघोली निवासी उज्जवला योजना उपभोक्ता सोनी देवी सैनी ने बताया कि गैस की किल्लत के बाद सिलेंडर मिलना मुश्किल हो रहा था। अब सरकार के नए नियम ने परेशानी और बढ़ा दी है। उज्जवला लाभार्थियों को साल में केवल चार सिलेंडरों पर ही सब्सिडी मिलेगी, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ेगा ।
पचलंगी ढाणी नंदलालवाला निवासी उज्जवला योजना उपभोक्ता सुनीता देवी शर्मा ने बताया कि उज्जवला योजना में पहले वर्षभर में नौ सिलेंडरों पर सब्सिडी मिलती थी। अब केवल चार सिलेंडरों पर ही लाभ मिलने की सूचना है, जो परिवार की जरूरत के हिसाब से काफी कम है।


