उकलाना में सफाई कर्मचारियों का धरना शुरू:सरकार के खिलाफ नारेबाजी, वायदों पर अमल नहीं होने से नाराज

उकलाना में सफाई कर्मचारियों का धरना शुरू:सरकार के खिलाफ नारेबाजी, वायदों पर अमल नहीं होने से नाराज

हिसार जिले के उकलाना में अपनी लंबित मांगों को लेकर नगर पालिका के सफाई कर्मचारी शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। धरने के चलते नगर पालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की भी आशंका जताई जा रही है। धरने को संबोधित करते हुए सफाई कर्मचारी नेता राम अवतार ने बताया कि प्रदेशभर के सफाई कर्मचारियों की कुल 22 मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन्हीं मांगों को लेकर 1 मई से 13 मई तक पूरे हरियाणा में हड़ताल की गई थी। हड़ताल के बाद सरकार और कर्मचारी यूनियन के बीच हुई वार्ता में 17 मांगें स्वीकार कर ली गई थीं तथा सरकार ने उन्हें 30 जून तक लागू करने का आश्वासन दिया था। सरकार का अपनी घोषणा पर अमल नहीं उन्होंने आरोप लगाया कि तय समय बीत जाने के बावजूद अब तक सरकार ने अपनी घोषणा पर अमल नहीं किया है। सफाई कर्मचारी कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी मांगें रख चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे कर्मचारियों में भारी रोष है। आंदोलन तेज करने की चेतावनी राम अवतार ने कहा कि सरकार यदि जल्द मांगों पर अमल नहीं करती, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 7 और 8 अगस्त को सफाई कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। इसके बाद राज्य स्तरीय कमेटी जो भी निर्णय लेगी, उसी के अनुसार आगामी रणनीति तय की जाएगी। कर्मचारियों की मुख्य मांगे सफाई कर्मचारियों ने प्रमुख मांगों में कच्चे कर्मचारियों को स्थायी करने, ठेका प्रथा समाप्त करने तथा एक्सटेंशन पॉलिसी/स्कीम (यूनियन की मांग के अनुसार) लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *