(फाइल फोटो के साथ)
भुवनेश्वर, 21 अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह बिना चुनाव के “सत्ता परिवर्तन” लाने की साजिश रच रहे हैं और इसके लिए विदेश में सलाह ले रहे हैं। पात्रा ने यहां प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अशांति पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी पहले कई बार विफल हो चुके हैं।
उन्हें फिर से लॉन्च करने के लिए देश में अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है।”
पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश यात्रा करते हैं ताकि अरबपति निवेशक जॉर्ज सोरोस और उनके सहयोगियों से इस बात पर मार्गदर्शन ले सकें कि भारत को कैसे अस्थिर किया जाए और बिना चुनाव कराए सत्ता परिवर्तन कैसे लाया जाए। उन्होंने कहा, “नेहा बोरा, प्रशांत भूषण और संजय राउत ने उनका मकसद जाहिर कर दिया है-सत्ता परिवर्तन। अगर इसके लिए हिंसा जरूरी हो, तो कुछ लोग उसके समर्थन में भी आगे आ गए हैं।”
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों को “भारत का दुश्मन” बताते हुए कहा कि उन्होंने एक नवंबर को रामलीला मैदान में रैली करने की योजना बनाई है।
पात्रा ने कहा कि यह तारीख एक नवंबर 1984 को हुए सिख-विरोधी दंगों की तारीख से मेल खाती है। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय कांग्रेस और उसके सहयोगियों को मुंहतोड़ जवाब देगा। पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विजयादशमी के अवसर पर दिए गए भाषण में एक बहुत महत्वपूर्ण संदेश दिया कि जो लोग देश के सम्मान को ठेस पहुंचाते हैं, उसके गौरव को कम करते हैं, देश को बांटने की कोशिश करते हैं और भारत की संस्कृति तथा स्वयं भारत से नफरत करते हैं, वे देश के दुश्मन हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “कल प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि ये दुश्मन कौन हैं: वे लोग जो भारत में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को हटाने के लिए सलाह लेने के वास्ते विदेश जाते हैं।”

