Saharanpur में सर्राफ से 5.11 लाख की ठगी मामले में जांच कर रहे SI Man Singh पर केस दर्ज

Saharanpur में सर्राफ से 5.11 लाख की ठगी मामले में जांच कर रहे SI Man Singh पर केस दर्ज

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक सर्राफ के साथ ठगी से जुड़े मामले की जांच कर रहे दारोगा के खिलाफ उसी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है, जहां वह तैनात है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पीड़ित सर्राफ की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन सिंह के आदेश पर दारोगा और ठगी करने वाली महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

उसने बताया कि शिकायत में सर्राफ की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। आरोप है कि एसआई मान सिंह ने कारोबारी को जान से मारने सहित कई तरह की धमकियां दी थीं। पुलिस के मुताबिक, सर्राफा बाजार में मित्तल ज्वैलर्स के स्वामी और शिकायतकर्ता अंश मित्तल आभूषणों का कारोबार करते हैं।

मित्तल का आरोप है कि 28 नवंबर 2025 को एक महिला उनकी दुकान पर सोने के कंगन खरीदने आई, जिनकी कीमत 5,11,700 रुपये थी। उन्होंने दावा किया कि महिला यह कहकर बिना भुगतान किए कंगन ले गई कि अगले दिन दुकान पर आकर नकद दे देगी या मोबाइल से पैसा अंतरित कर देगी। मित्तल ने शिकायत में कहा कि इससे एक दिन पहले 27 नवंबर को भी यही महिला करीब सात लाख रुपये के आभूषण नकद भुगतान कर ले गई थी।

उन्होंने दावा किया कि एक दिन पहले हुई बिक्री और भुगतान को देखते हुए विश्वास के आधार पर महिला को आभूषण दे दिए गए। मित्तल के अनुसार, रकम वापस न मिलने पर उन्होंने 19 मई 2026 को पुलिस अधिकारियों से शिकायत की, जिसके आधार पर एसआई मान सिंह द्वारा जांच की गई। एसआई ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया कि वह महिला से पैसा लेकर सर्राफ को वापस करेगा, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी रकम वापस नहीं मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *