Sagar शराब कांड का असर: टीकमगढ़ में महिलाओं ने Liquor Shop में की तोड़फोड़, 25 लाख का माल नष्ट

Sagar शराब कांड का असर: टीकमगढ़ में महिलाओं ने Liquor Shop में की तोड़फोड़, 25 लाख का माल नष्ट

 मध्यप्रदेश के सागर में जहरीली शराब से हुयी मौत के बाद गुस्साई महिलाओं ने टीकमगढ़ जिले के एक लाइसेंसी शराब दुकान पर हमला कर दिया और करीब 25 लाख रुपये की देसी एवं भारत में निर्मित विदेशी शराब नष्ट कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। शराब विरोधी नारे लगाते हुए और शोक संतप्त परिवारों के लिए न्याय की मांग करते हुए प्रदर्शनकारियों ने रविवार को जिले के बम्होरी गांव में एक दुकान पर धावा बोला। 

जिला आबकारी अधिकारी नरेश प्रताप सिंह ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर जतारा उपमंडल के बम्होरी में यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि महिलाओं के एक दल ने मां गहौली वाइन द्वारा संचालित एक दुकान को निशाना बनाया और इस दौरान 25 लाख रुपये मूल्य की देसी और भारत में निर्मित विदेशी शराब (आईएमएफएल) नष्ट कर दी। 

टीकमगढ़ और सागर मध्यप्रदेश के आर्थिक रूप से पिछड़े बुंदेलखंड क्षेत्र के जिलों में से हैं, जो उत्तर प्रदेश की सीमा से सटा हुआ है। आबकारी अधिकारी ने आरोप लगाया कि बम्होरी गांव के सरपंच ने शराब की दुकान के खिलाफ माहौल बनाने के लिए सागर त्रासदी का इस्तेमाल किया और अपने स्थानीय राजनीतिक प्रभाव को मजबूत करने के प्रयास में लोगों को लामबंद किया। 

डिगोडा पुलिस थाने के अंतर्गत बम्होरी बीट पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने कहा कि दुकान के एक कर्मचारी ने एक आवेदन देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने हाल ही में हुये सागर जहरीली शराब त्रासदी मामले में अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दावा किया है कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के ललितपुर का एक संदिग्ध गिरोह नकली शराब के निर्माण और आपूर्ति से जुड़ा था, जिसमें 16 लोगों की जान चली गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *